Monday, June 15, 2026

Badaun News : भाजपा कार्यकर्ता पहुंचेंगे गांव-गांव

लेखक: Vikas Srivastav | Category: उत्तर प्रदेश | Published: May 28, 2026

Badaun News : भाजपा कार्यकर्ता पहुंचेंगे गांव-गांव

जागरण टुडे,बदायूं

भारतीय जनता पार्टी द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में 05 जून से 21 जून 2026 तक जिलेभर में “बारह साल विश्वास के, विकास के, जनकल्याण के” अभियान चलाया जाएगा। इस अभियान के अंतर्गत जनसंपर्क, जनकल्याण, वृक्षारोपण, योग शिविर, किसान कार्यशाला एवं विभिन्न सामाजिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। अभियान को लेकर भाजपा कार्यालय पर आयोजित जिला कार्यशाला में पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को विस्तृत जिम्मेदारियां सौंपी गईं।

जिला कार्यशाला को संबोधित करते हुए भाजपा जिलाध्यक्ष राजीव कुमार गुप्ता ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में बीते 12 वर्ष सेवा, सुशासन, राष्ट्रहित और गरीब कल्याण के स्वर्णिम अध्याय के रूप में याद किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने समाज के अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाकर अंत्योदय के संकल्प को साकार किया है। उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता गांव-गांव जाकर सरकार की उपलब्धियों और जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी जनता तक पहुंचाएंगे।

राजीव कुमार गुप्ता ने बताया कि अभियान की शुरुआत 05 जून को विश्व पर्यावरण दिवस पर मंडल स्तर पर वृक्षारोपण कार्यक्रम के साथ होगी। 08 से 14 जून तक विशेष जनसंपर्क अभियान चलाया जाएगा, जिसमें समाज के प्रबुद्ध एवं विशिष्ट लोगों से संवाद स्थापित किया जाएगा। 13 जून को जिला स्तर पर मीडिया संवाद कार्यक्रम आयोजित होगा, जबकि 14 से 16 जून तक ब्लॉक स्तर पर जनकल्याण शिविर लगाए जाएंगे। इन शिविरों में पात्र लाभार्थियों को विभिन्न सरकारी योजनाओं से जोड़ने का कार्य किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि 16 जून को विकसित भारत संकल्प सम्मेलन आयोजित किया जाएगा। वहीं 17 जून को केंद्र एवं प्रदेश सरकार की उपलब्धियों पर आधारित प्रदर्शनी लगाई जाएगी। 18 और 19 जून को किसान मोर्चा द्वारा प्राकृतिक खेती कार्यशाला आयोजित होगी, जिसमें किसानों को जैविक खेती और आधुनिक कृषि तकनीकों की जानकारी दी जाएगी। अभियान के अंतर्गत स्वच्छता अभियान, विकास परियोजनाओं का भ्रमण और सोशल मीडिया के माध्यम से व्यापक जनसंपर्क भी किया जाएगा।

सदर विधायक महेश चंद्र गुप्ता ने कहा कि यह अभियान भाजपा कार्यकर्ताओं के लिए सरकार की उपलब्धियों को जनता तक पहुंचाने का महत्वपूर्ण अवसर है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत आज विश्व स्तर पर मजबूत और आत्मनिर्भर राष्ट्र के रूप में उभरा है। भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता बूथ स्तर तक सक्रिय रहकर संगठन और सरकार की योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने का कार्य करेगा।

कार्यक्रम का संचालन जिला महामंत्री जोगेंद्र सिंह पटेल ने किया। इस अवसर पर ब्लॉक प्रमुख शिशुपाल शाक्य, वीरेन्द्र राजपूत, सुभाष चंद्र गुप्ता, अनेकपाल सिंह, चैयरमैन कछला जगदीश लोनिया सहित अनेक भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।

No ads available.

Get In Touch

BDA COLONY HARUNAGLA, BISALPUR ROAD BAREILLY

+91 7017029201

sanjaysrivastav1972@gmail.com

Follow Us

© 2026 Jagran Today. All Rights Reserved.