बल्लिया फ्लाईओवर के पास शॉर्ट सर्किट से धू-धू कर जली कार, दमकल ने पाया आग पर काबू
नेशनल हाईवे पर शनिवार को उस समय अफरातफरी मच गई, जब संभल से बरेली जा रही एक चलती कार में अचानक आग लग गई। घटना फतेहगंज पश्चिमी क्षेत्र के बल्लिया फ्लाईओवर के पास हुई, जहां देखते ही देखते कार धू-धू कर जलने लगी।
जानकारी के अनुसार कार में सवार नदीम असगर पुत्र निसार अहमद अपने परिवार के साथ संभल से बरेली जा रहे थे। जैसे ही कार बल्लिया फ्लाईओवर के समीप पहुंची, वाहन से अचानक धुआं उठने लगा और कुछ ही देर में आग ने विकराल रूप ले लिया।
चालक नदीम असगर ने सूझबूझ दिखाते हुए तुरंत कार को सड़क किनारे रोका और समय रहते स्वयं व परिवार के सभी सदस्यों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। चालक की सतर्कता से बड़ा हादसा टल गया।
घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड मीरगंज की टीम दमकल के साथ मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि तब तक कार पूरी तरह जलकर खाक हो चुकी थी।प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है। राहत की बात यह रही कि हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई।
दमकल टीम में चालक राजेन्द्र सिंह, कांस्टेबल अशोक यादव, तीरध्वज, राजकुमार और संजीव शामिल रहे।