मथुरा के कलेक्ट्रेट सभागार में बुधवार को उप्र विधान परिषद आश्वासन समिति की बैठक सभापति मोहम्मद जासमीर अंसारी की अध्यक्षता में हुई। बैठक में सदस्य मुकुल यादव, विधायक पूरन प्रकाश और एमएलसी ठाकुर ओम प्रकाश सिंह मौजूद रहे।
बैठक में विभिन्न विभागों के कार्यों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों से जवाब-तलब किया गया। जनपद में CNG वाहनों के पंजीकरण पर जानकारी देते हुए एआरटीओ प्रशासन नीतू सिंह ने बताया कि वर्ष 2022 में 1158, 2023 में 1574, 2024 में 1464 और 2025 में 871 वाहन पंजीकृत हुए।
रोडवेज की स्थिति पर एआरएम मदन शर्मा ने बताया कि वित्तीय वर्ष 2025-26 में मथुरा डिपो में 61 नई बसें शामिल की गईं, जबकि 19 बसें निष्प्रयोज्य घोषित हुईं।
उद्योग निवेश की समीक्षा में उपायुक्त उद्योग चंद्रभान सिंह ने बताया कि वर्ष 2012 से 2017 के बीच हजारों उद्योग स्थापित हुए, जिनमें करोड़ों रुपये का निवेश हुआ। खासतौर पर 2016-17 में 20506 उद्योगों के साथ 955.72 करोड़ रुपये का निवेश दर्ज किया गया।
श्रम विभाग ने असंगठित मजदूरों के लिए चलाई जा रही योजनाओं की जानकारी दी। वहीं शिक्षा विभाग ने बताया कि प्राथमिक स्कूलों में बिजली कनेक्शन, पेंशन योजनाओं और यूनिफॉर्म वितरण से जुड़े अधिकांश मामलों का निस्तारण हो चुका है।
जिला विद्यालय निरीक्षक ने जानकारी दी कि बोर्ड परीक्षा 2020 के मूल्यांकन का पारिश्रमिक भुगतान किया जा चुका है, जबकि एलआईसी के माध्यम से शिक्षकों के बीमा दावों का भी निपटारा कर दिया गया है। सभापति ने लंबित मामलों पर नाराजगी जताते हुए समयबद्ध निस्तारण के निर्देश दिए।