नारी शक्ति वंदन अधिनियम के समर्थन में भारतीय जनता पार्टी महानगर इकाई ने बुधवार को मथुरा में स्कूटी और बाइक रैली निकालकर शक्ति प्रदर्शन किया। महिला सशक्तीकरण के संदेश के साथ निकली इस रैली में बड़ी संख्या में महिलाओं, युवतियों और पार्टी कार्यकर्ताओं ने भाग लिया।
रैली की शुरुआत बी.एस.ए. इंजीनियरिंग कॉलेज से हुई, जो भूतेश्वर तिराहा होते हुए मुकुंद प्रिया गार्डन तक पहुंची। पूरे मार्ग में कार्यकर्ताओं ने नारी सशक्तीकरण के समर्थन में नारे लगाए और लोगों को अधिनियम के प्रति जागरूक किया। कार्यक्रम के दौरान हस्ताक्षर अभियान और ‘नारी शक्ति श्रृंखला’ का भी आयोजन किया गया।
राज्यसभा सांसद तेजवीर सिंह ने कहा कि नारी शक्ति वंदन अधिनियम महिलाओं को उनका अधिकार और सम्मान दिलाने की दिशा में ऐतिहासिक कदम है। उन्होंने कहा कि लंबे समय से महिलाओं की राजनीतिक भागीदारी में जो कमी थी, उसे यह कानून दूर करेगा। इससे महिलाएं संसद और विधानसभाओं में अधिक प्रतिनिधित्व पाकर नीति निर्माण में अहम भूमिका निभा सकेंगी।
उन्होंने केंद्र सरकार की विभिन्न योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में उज्ज्वला योजना, बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ जैसे कार्यक्रमों ने महिलाओं को सशक्त बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। नारी शक्ति वंदन अधिनियम इन प्रयासों को और मजबूती देगा।
भाजपा महानगर अध्यक्ष हरिशंकर राजू यादव ने कहा कि पार्टी की विचारधारा में नारी को शक्ति के रूप में देखा गया है और अब यह अभियान जन आंदोलन बनता जा रहा है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे घर-घर जाकर अधिनियम की जानकारी दें और अधिक से अधिक महिलाओं को इससे जोड़ें।
मीडिया प्रभारी श्याम शर्मा ने बताया कि रैली को राज्यसभा सांसद तेजवीर सिंह और महानगर अध्यक्ष हरिशंकर राजू यादव ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। कार्यक्रम में पदाधिकारियों और महिला मोर्चा की कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी रही।
इस दौरान कुंज बिहारी चतुर्वेदी, ज्ञानेंद्र राणा, विनीत शर्मा, रामकिशन पाठक, सुरेंद्र प्रधान, ललित गौतम, मलय राठौर, मनोज ठाकुर, दीपक गोला, हेमंत खंदौली, राजू चौधरी, अजय सिंह राजावत, नितिन कौशिक, संत कुमार शर्मा सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
महिला कार्यकर्ताओं में पूजा चौधरी, तनुजा चतुर्वेदी, आरती चतुर्वेदी, पूनम गौर, माधुरी सिंह, पूजा सैनी, सुनीता, मंजू चौधरी, कृष्णा चौधरी, अनीता चावला, भारती, मीरा, सावित्री, पूनम परमार, रुचि और हेमा आदि की सहभागिता रही।