ओमकार गंगवार,मीरगंज (बरेली)
बरेली जनपद के मीरगंज क्षेत्र में भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती बड़े उत्साह, श्रद्धा और धूमधाम के साथ मनाई गई। तहसील सभागार, ब्लॉक सभागार सहित ग्राम तिलमास, नगरिया सादात, पैगा नगरी, सिल्लापुर, मनकरा, गुगई, सैजना और मढ़ी सत्याना में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस दौरान वक्ताओं ने बाबा साहब के आदर्शों को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया।
मढ़ी सत्याना में अखिल भारतीय लोधी राजपूत कल्याण महासभा, बरेली मंडल के तत्वावधान में सामाजिक विचार गोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में समाज के प्रबुद्धजन एवं विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े गणमान्य लोगों ने भाग लिया। मुख्य अतिथियों में पूरन लाल लोधी, विधायक डॉ. डी.सी. वर्मा, ब्लॉक प्रमुख गोपाल कृष्ण गंगवार, संजय सिंह, जवाहर लाल, मनोहर देवी, श्रुति गंगवार एवं इशान गवाल सहित कई विशिष्ट व्यक्ति उपस्थित रहे।
वक्ताओं ने अपने संबोधन में कहा कि बाबा साहब के विचार आज भी समाज को समानता, शिक्षा और अधिकारों के प्रति जागरूक करते हैं। कार्यक्रम का उद्देश्य उनके सिद्धांतों को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना और सामाजिक समरसता को मजबूत करना रहा। आयोजन संयोजक प्रो. भक्ति सिंह के नेतृत्व में कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
वहीं तहसील सभागार में भी अंबेडकर जयंती पर विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर एसडीएम आलोक कुमार, तहसीलदार आशीष कुमार और नायब तहसीलदार अरविंद कुमार को लेखपाल कमलजीत, अनिल कुमार, कृष्ण कुमार सहित अन्य कर्मचारियों द्वारा बाबा साहब की प्रतिमा भेंट कर सम्मानित किया गया।
सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर मीरगंज प्रभारी निरीक्षक आईपीएस अंजना दहिया पुलिस बल के साथ मुस्तैद रहीं। इसके अलावा दुनका क्षेत्र में भी कई स्थानों पर कार्यक्रम आयोजित हुए, जहां एसडीएम आलोक कुमार और सीओ अजय कुमार शोभायात्रा में शामिल हुए।
मीरगंज में भव्य शोभायात्रा भी निकाली गई, जिसमें भीम आर्मी भारत एकता मिशन के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। भीम आर्मी के तहसील अध्यक्ष अनिकेत सागर, अनिल सागर, शिवराज सागर सहित कई पदाधिकारी मौजूद रहे। पूर्व जिला उपाध्यक्ष पिंटू सागर, सोनू सागर, प्रेमपाल सिंह राजपूत, डॉ. जावेद अख्तर और तशरीफ खान समेत बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए।
पूरे क्षेत्र में जयंती समारोह शांतिपूर्ण और उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न हुए।