बदायूँ जनपद में बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती की पूर्व संध्या पर भारतीय जनता पार्टी द्वारा जिले के 155 प्रतिमा स्थलों पर स्वच्छता एवं दीपोत्सव कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इस दौरान विभिन्न स्थानों पर जनप्रतिनिधियों, कार्यकर्ताओं एवं आम नागरिकों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और बाबा साहब को श्रद्धांजलि अर्पित की।
उझानी स्थित अंबेडकर पार्क (सब्जी मंडी) में केंद्रीय राज्यमंत्री बी.एल. वर्मा ने बाबा साहब की प्रतिमा स्थल पर पहुंचकर स्वच्छता अभियान के अंतर्गत श्रमदान किया। इसके पश्चात उन्होंने दीप प्रज्वलित कर श्रद्धापूर्वक नमन किया। वहीं, सिविल लाइन स्थित अंबेडकर पार्क में जिलाध्यक्ष राजीव कुमार गुप्ता, एमएलसी वागीश पाठक, जिला पंचायत अध्यक्ष वर्षा यादव सहित अन्य जनप्रतिनिधियों एवं गणमान्य नागरिकों ने भी स्वच्छता अभियान चलाया और दीप प्रज्वलित कर बाबा साहब को श्रद्धांजलि दी।
इसे भी पढ़े - नारी शक्ति वंदन अधिनियम से महिलाओं को मिलेगा सशक्त अधिकारइस अवसर पर केंद्रीय राज्यमंत्री बी.एल. वर्मा ने कहा कि बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर का योगदान भारतीय समाज और संविधान निर्माण में अतुलनीय है। उन्होंने समानता, न्याय और अधिकारों की जो नींव रखी, वह आज भी समाज को दिशा प्रदान कर रही है। उनके विचार आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणास्रोत बने रहेंगे।
जिलाध्यक्ष राजीव कुमार गुप्ता ने कहा कि बाबा साहब का जीवन हम सभी के लिए प्रेरणा का स्रोत है। उन्होंने समाज के हर वर्ग को सम्मान और अधिकार दिलाने के लिए जो संघर्ष किया, वह सदैव स्मरणीय रहेगा। हमें उनके बताए मार्ग पर चलकर समाज में समरसता और एकता को और मजबूत करना चाहिए।
एमएलसी वागीश पाठक ने कहा कि बाबा साहब के आदर्शों को अपनाकर ही एक समरस और सशक्त भारत का निर्माण संभव है। उन्होंने अपने जीवन में संघर्ष के माध्यम से जो उदाहरण प्रस्तुत किया, वह हम सभी के लिए मार्गदर्शक है।
जिला पंचायत अध्यक्ष वर्षा यादव ने भी बाबा साहब के जीवन को संघर्ष, समर्पण और सेवा का प्रतीक बताते हुए कहा कि उन्होंने वंचित एवं पिछड़े वर्गों को समाज की मुख्यधारा से जोड़ने का कार्य किया। हमें उनके आदर्शों को अपनाकर समाज में समानता और जागरूकता का वातावरण बनाना चाहिए।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सभी लोगों ने बाबा साहब के आदर्शों को अपनाने और उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया।