आवास, मनरेगा और पंचायत योजनाओं की समीक्षा, आरसीसी सेंटर निर्माण और ई-रिक्शा खरीद के निर्देश
मुख्य विकास अधिकारी डॉ. पूजा गुप्ता ने शुक्रवार को कलेक्ट्रेट स्थित कार्यालय कक्ष में शासन की विभिन्न योजनाओं की समीक्षा बैठक की। बैठक में प्रधानमंत्री आवास योजना, मुख्यमंत्री आवास योजना, मनरेगा एवं पंचायत राज विभाग की योजनाओं की प्रगति का विस्तार से आकलन किया गया।
सीडीओ ने निर्देश दिए कि सभी योजनाओं का खंड विकास अधिकारियों द्वारा निरंतर अनुश्रवण किया जाए, ताकि जमीनी स्तर पर कार्यों में तेजी लाई जा सके। उन्होंने स्पष्ट कहा कि किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और लंबित कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूरा किया जाए।
बैठक के दौरान डॉ. पूजा गुप्ता ने विशेष रूप से उन ग्राम पंचायतों पर ध्यान केंद्रित किया, जहां अब तक आरसीसी सेंटर का निर्माण नहीं हुआ है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि ऐसे सभी गांवों में एक सप्ताह के भीतर आरसीसी सेंटर का निर्माण पूर्ण कराया जाए तथा वहां ई-रिक्शा की खरीद सुनिश्चित की जाए, जिससे पंचायत स्तर पर सुविधाएं बेहतर हो सकें।
उन्होंने यह भी कहा कि योजनाओं के क्रियान्वयन में गुणवत्ता और पारदर्शिता का विशेष ध्यान रखा जाए। सभी अधिकारी समय-समय पर निरीक्षण कर प्रगति की रिपोर्ट प्रस्तुत करें।
बैठक में परियोजना निदेशक अरुण कुमार उपाध्याय, उपयुक्त श्रम रोजगार धनंजय जायसवाल, विजय कुमार पांडेय, समस्त खंड विकास अधिकारी एवं सहायक विकास अधिकारी उपस्थित रहे।