नगर मजिस्ट्रेट एवं सभापति अनुपम कुमार मिश्रा की अध्यक्षता में गुरुवार को मण्डी समिति परिसर, मथुरा का निरीक्षण किया गया तथा गेहूं खरीद बढ़ाने को लेकर महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में मण्डी सचिव श्रीमती रेनू वर्मा, व्यापार मंडल के महामंत्री दीन दयाल अग्रवाल सहित विभिन्न फर्मों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।
बैठक के दौरान नगर मजिस्ट्रेट ने सभी व्यापारियों और मिलर्स से अपील की कि वे किसानों से गेहूं की खरीद प्रतिस्पर्धात्मक तरीके से करें, ताकि किसानों को उनकी उपज का उचित और लाभकारी मूल्य मिल सके। उन्होंने कहा कि मंडी में खरीद प्रक्रिया पारदर्शी और सुचारु होनी चाहिए, जिससे किसानों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
निरीक्षण के दौरान मण्डी में संचालित गेहूं क्रय केंद्रों का जायजा लिया गया। नगर मजिस्ट्रेट ने मौके पर मौजूद किसानों से बातचीत कर उनकी समस्याओं और व्यवस्थाओं की जानकारी ली। साथ ही गल्ला मंडी समिति एवं फल-सब्जी मंडी समिति के पदाधिकारियों से भी संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि सभी समस्याओं का त्वरित और प्रभावी समाधान सुनिश्चित किया जाए।
मण्डी परिसर में जलभराव की समस्या को गंभीरता से लेते हुए नगर मजिस्ट्रेट ने मण्डी समिति को अपने संसाधनों को सुदृढ़ करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही नगर निगम के साथ समन्वय स्थापित कर नालों की नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित करने के लिए कार्ययोजना तैयार करने को कहा गया। उन्होंने स्पष्ट किया कि जलभराव जैसी समस्याएं व्यापार और किसानों दोनों के लिए बाधा बनती हैं, इसलिए इनका स्थायी समाधान जरूरी है।
इस अवसर पर फल-सब्जी व्यापार मंडल के अध्यक्ष हाजी इकबाल, उपाध्यक्ष जीतू चौधरी, राजू, इश्तियाक सहित कई पदाधिकारी एवं व्यापारी उपस्थित रहे। बैठक में सभी ने मंडी की व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने के लिए सहयोग का आश्वासन दिया।