धामपुर बायो ऑर्गेनिक्स लिमिटेड, मीरगंज(बरेली) इकाई द्वारा बसंतकालीन गन्ना बुवाई अभियान की शुरुआत करते हुए एक व्यापक जागरूकता रैली निकाली गई। इस अभियान का उद्देश्य अधिक से अधिक क्षेत्रफल में गन्ने की बुवाई को बढ़ावा देना, पैदावार बढ़ाना, लागत कम करना और किसानों को आधुनिक खेती तकनीकों के प्रति जागरूक करना है।
रैली चीनी मिल गेट से शुरू होकर लगभग 60 गांवों से गुजरते हुए करीब 120 किलोमीटर की दूरी तय कर किसानों तक पहुंची। इस दौरान गन्ना विभाग के अधिकारियों और स्टाफ ने वाहनों और मोटरसाइकिलों के जरिए किसानों को गन्ना फसल से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां दीं।
अभियान का मुख्य फोकस गन्ने की फसल को चोटी भेदक कीट, पायरिला जैसे कीटों से बचाव, समय पर सिंचाई, उर्वरकों के संतुलित उपयोग तथा निराई-गुड़ाई के सही तरीकों पर रहा। पिछले वर्षों में चोटी भेदक कीट के प्रकोप से गन्ना उत्पादन में 15-20 प्रतिशत तक गिरावट दर्ज की गई थी, जिसे ध्यान में रखते हुए इस वर्ष विशेष अभियान चलाया जा रहा है।
कार्यक्रम का शुभारंभ उपाध्यक्ष सरबजीत सैनी, कारखाना प्रबंधक अरविंद गंगवार, महाप्रबंधक (मैकेनिकल) महेंद्र अग्रवाल और वरिष्ठ प्रबंधक (गन्ना) अंग्रेज सिंह ने झंडी दिखाकर किया। इस मौके पर सरबजीत सैनी ने बताया कि मिल का लक्ष्य गन्ने की फसल में चोटी भेदक कीट के नियंत्रण के लिए शत-प्रतिशत खेतों में सी.टी.पी.आर. (नैटजेन) का प्रयोग सुनिश्चित कराना है। इसके लिए किसानों को रियायती दर पर कीटनाशक उपलब्ध कराया जाएगा।
उन्होंने किसानों से अपील की कि वे बसंतकालीन गन्ना बुवाई को प्राथमिकता दें और अधिक क्षेत्रफल में खेती करें। साथ ही जिन किसानों के पास बीज उपलब्ध नहीं है, उन्हें मिल द्वारा उन्नत प्रजातियों का गन्ना बीज भी उपलब्ध कराया जा रहा है।
वरिष्ठ प्रबंधक (गन्ना) अंग्रेज सिंह ने फील्ड स्टाफ को निर्देश दिए कि वे प्रत्येक किसान तक कीटनाशक और तकनीकी जानकारी समय पर पहुंचाएं, ताकि गन्ना उत्पादन बेहतर हो और किसान तथा मिल दोनों को लाभ मिल सके।
इस दौरान मिल के वरिष्ठ प्रबंधक रतीराम सिंह, योगेंद्र सिंह सहित अन्य अधिकारी और कर्मचारी भी मौजूद रहे।