Tuesday, March 31, 2026

बरेली में किसान सम्मान निधि के नाम पर हो रही ठगी

लेखक: Jagran Today | Category: उत्तर प्रदेश | Published: March 22, 2026

बरेली में किसान सम्मान निधि के नाम पर हो रही ठगी

जागरण टुडे, बरेली

जनपद बरेली में प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के लाभार्थियों को निशाना बनाकर साइबर ठगी के मामले सामने आ रहे हैं। ठग किसानों को फोन, व्हाट्सएप और मैसेज के जरिए फर्जी लिंक भेजकर उनके बैंक खातों में सेंध लगा रहे हैं। ताजा मामला बारादरी थाना क्षेत्र का है, जहां एक किसान के खाते से 72,400 रुपये पार कर दिए गए।

आजाद नगर निवासी अशोक कुमार ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 20 मार्च को उनके व्हाट्सएप पर प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना से जुड़ा एक संदिग्ध लिंक आया। लिंक के साथ एक एपीके फाइल डाउनलोड करने को कहा गया था। भरोसा कर उन्होंने जैसे ही फाइल डाउनलोड की, उनके मोबाइल फोन का नियंत्रण साइबर ठगों के हाथ में चला गया।

इसके बाद ठगों ने उनके बैंक खातों को निशाना बनाया। आरोप है कि बैंक ऑफ बड़ौदा से 56 हजार रुपये, पंजाब नेशनल बैंक से 9,200 रुपये और भारतीय स्टेट बैंक से 7,200 रुपये निकाल लिए गए। घटना के बाद पीड़ित ने थाना बारादरी में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

जिला कृषि अधिकारी ऋतुषा तिवारी ने बताया कि साइबर अपराधी सरकारी योजनाओं के नाम पर फर्जी वेबसाइट और मोबाइल एप तैयार कर रहे हैं। ये ठग किसानों को कॉल, एसएमएस, व्हाट्सएप या ईमेल के जरिए लिंक भेजते हैं और उन्हें डाउनलोड करने के लिए प्रेरित करते हैं। जैसे ही कोई व्यक्ति इन लिंक पर क्लिक करता है, उसके मोबाइल का एक्सेस ठगों को मिल सकता है।

इसके बाद आरोपी ओटीपी, आधार नंबर और बैंकिंग डिटेल्स हासिल कर खाते से रकम निकाल लेते हैं। कृषि विभाग ने किसानों से अपील की है कि वे किसी भी अनजान लिंक पर क्लिक न करें और अपनी गोपनीय जानकारी किसी के साथ साझा न करें।

विशेषज्ञों का कहना है कि सरकारी योजनाओं से जुड़े किसी भी अपडेट के लिए केवल आधिकारिक वेबसाइट या संबंधित विभाग के माध्यम से ही जानकारी लें। सतर्कता ही साइबर ठगी से बचने का सबसे बड़ा उपाय है।

No ads available.

Get In Touch

BDA COLONY HARUNAGLA, BISALPUR ROAD BAREILLY

+91 7017029201

sanjaysrivastav1972@gmail.com

Follow Us

© 2026 Jagran Today. All Rights Reserved.