बरेली जनपद के कोतवाली मीरगंज पुलिस ने ट्रैक्टर से बैटरी चोरी की घटना का सफल खुलासा करते हुए दो अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की गई बैटरी भी बरामद कर ली है, जिससे पीड़ित को राहत मिली है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, पैगानगरी गांव निवासी सुरेंद्र कुमार ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि उनके घर के बाहर खड़े ट्रैक्टर से अज्ञात चोर बैटरी चोरी कर ले गए। घटना के बाद उन्होंने कोतवाली मीरगंज में मुकदमा दर्ज कराया, जिसके बाद पुलिस मामले की जांच में जुट गई।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में चलाए जा रहे अपराध नियंत्रण अभियान के तहत मीरगंज पुलिस ने सक्रियता दिखाते हुए मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई की। पुलिस टीम ने नल नगरिया चौराहे पर घेराबंदी कर दो संदिग्ध युवकों को पकड़ लिया। पूछताछ के दौरान दोनों ने चोरी की घटना स्वीकार कर ली।
गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान मुमताज पुत्र मोहम्मद हनीफ उर्फ हलीम और राहुल पुत्र यादराम के रूप में हुई है। दोनों ही नल नगरिया गांव के निवासी बताए गए हैं। तलाशी के दौरान पुलिस ने उनके कब्जे से चोरी की गई ट्रैक्टर बैटरी बरामद कर ली।
पुलिस के अनुसार, बरामदगी के आधार पर मुकदमे में बीएनएस की संबंधित धाराओं की बढ़ोतरी की गई है। आरोपियों के खिलाफ आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
इस सफल कार्रवाई में उप निरीक्षक जयप्रकाश, हेड कांस्टेबल धीर सिंह दीपक तथा कांस्टेबल विवेक शर्मा की अहम भूमिका रही। पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर लोगों में विश्वास बढ़ा है।