बरेली जनपद के मीरगंज कोतवाली क्षेत्र से एक बेहद संवेदनशील और संगीन मामला सामने आया है, जहां एक विवाहित महिला ने अपने ही ससुराल पक्ष पर गंभीर आरोप लगाए हैं। पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने पति, देवर, सास, ससुर समेत अन्य रिश्तेदारों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मीरगंज तहसील क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली महिला ने पुलिस को दी गई शिकायत में बताया कि उसकी शादी क्षेत्र के ही एक युवक से हुई थी, जो मानसिक रूप से कमजोर है। महिला का आरोप है कि करीब पांच वर्ष पूर्व उसके ससुर ने उसे भरोसा दिलाया कि उसका देवर उससे कोर्ट मैरिज करेगा और उसे पत्नी का दर्जा देगा। इसी झांसे में आकर देवर ने उसके साथ कई वर्षों तक शारीरिक संबंध बनाए।
पीड़िता के अनुसार, इस दौरान देवर से उसकी दो बेटियां भी पैदा हुईं। अब आरोप है कि ससुराल पक्ष देवर की शादी किसी अन्य महिला से करना चाहता है और उसे घर से निकालने की कोशिश की जा रही है। विरोध करने पर महिला से कथित तौर पर कार और पांच लाख रुपये की मांग की गई।
महिला का यह भी आरोप है कि मांग पूरी न करने पर सास, ससुर, पति, देवर, ननद और नंदोई ने उसके साथ मारपीट की और उसे प्रताड़ित किया।
इस मामले में मीरगंज कोतवाली पुलिस ने पीड़िता की तहरीर के आधार पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।