नरौली क्षेत्र में स्थित मंच माता वैष्णो देवी मंदिर में नवरात्रि महोत्सव के अवसर पर धार्मिक आयोजन आरंभ हुआ। ए टीवी के पीछे स्थित मंदिर परिसर से रोज सुबह 10 बजे 251 कलशों की भव्य शोभा यात्रा निकाली जा रही है, जिसमें हजारों श्रद्धालु माता रानी के जयकारों के साथ शामिल हो रहे हैं। बुधवार को भी नगर में कलश यात्रा निकाली गई।
आचार्य खेमचंद भारद्वाज ने भगवती का पूजन-अर्चन और वंदन कराया। पूजा के उपरांत कलश यात्रा नगर फेरी के रूप में निकाली गई, जिसमें वैष्णो देवी परिवार के गणमान्य सदस्य और स्थानीय श्रद्धालु बड़ी संख्या में शामिल हुए। यात्रा के दौरान पूरा क्षेत्र “जय माता दी” के जयकारों से गुंजायमान हो उठा।
यात्रा में मंदिर समिति के अध्यक्ष बीएल गौतम, प्रधान पुजारी रामेश्वर गौतम तथा मुख्य यजमान होरीलाल गौतम अपनी धर्मपत्नी सहित मौजूद रहे। श्रद्धालुओं का उत्साह देखते ही बन रहा था, वहीं जगह-जगह यात्रा के स्वागत में जलपान की व्यवस्था भी की गई थी, जिससे भक्तों को सुविधा मिल सके।
कलश यात्रा के दौरान आए सभी श्रद्धालुओं को हलुआ प्रसाद वितरित किया गया, जबकि दूर-दराज से पहुंचे भक्तों के लिए भोजन प्रसाद की विशेष व्यवस्था भी की गई। मंदिर के पुजारी रामेश्वर दयाल गौतम ने सभी श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में दर्शन कर पुण्य लाभ अर्जित करने का आग्रह किया।
मंदिर एवं मेला समिति के अध्यक्ष बीएल गौतम ने यात्रा में शामिल सभी भक्तों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि 10 दिवसीय नवरात्रि महोत्सव के दौरान यज्ञ और श्रीमद भागवत कथा का आयोजन भी किया जा रहा है। उन्होंने श्रद्धालुओं से इन धार्मिक आयोजनों में भाग लेने की अपील की। मंदिर सेवारत विकास गौतम ने भी भक्तों से आग्रह किया कि वे परिवार सहित प्रतिदिन मंदिर में दर्शन के लिए आएं और नवरात्रि महोत्सव का आध्यात्मिक लाभ उठाएं।