कलेक्ट्रेट सभागार में 9 दिवसीय प्रदर्शनी एवं मेला आरंभ
उत्तर प्रदेश सरकार के “नव निर्माण के नौ वर्ष” पूर्ण होने के उपलक्ष्य में कलेक्ट्रेट परिसर स्थित सभागार में बुधवार को 9 दिवसीय प्रदर्शनी एवं मेला आरंभ हुआ। कार्यक्रम का उद्घाटन विधायक बल्देव पूरन प्रकाश एवं सांसद प्रतिनिधि जनार्दन शर्मा ने फीता काटकर किया। इस दौरान जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का अवलोकन कर योजनाओं, उत्पादों और उपलब्धियों की जानकारी ली।
प्रदर्शनी में ग्राम विकास, पंचायती राज, पूर्ति, शिक्षा, समाज कल्याण, पुलिस, दिव्यांगजन सशक्तीकरण और स्वास्थ्य विभाग सहित कई विभागों ने अपने-अपने स्टॉल लगाए। इन स्टॉलों के माध्यम से सरकार की योजनाओं और बीते नौ वर्षों की उपलब्धियों को आमजन तक पहुंचाने का प्रयास किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य जनता को विकास कार्यों से जोड़ना और योजनाओं के प्रति जागरूक करना रहा।
कलेक्ट्रेट सभागार में योगी आदित्यनाथ के लखनऊ में आयोजित कार्यक्रम का सजीव प्रसारण भी देखा गया। साथ ही प्रदेश सरकार के पिछले नौ वर्षों के कार्यकाल पर आधारित एक लघु फिल्म का प्रदर्शन किया गया, जिसमें कानून व्यवस्था, बुनियादी ढांचे, निवेश, कृषि, रोजगार और सामाजिक सुरक्षा के क्षेत्र में हुए बदलावों को दर्शाया गया।
विधायक पूरन प्रकाश ने कहा कि उत्तर प्रदेश आज देश के विकास को नई दिशा देने में अग्रणी भूमिका निभा रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में राज्य में व्यापक परिवर्तन देखने को मिला है। उन्होंने कहा कि प्रदेश अब भयमुक्त, निवेश अनुकूल और तेजी से विकसित होने वाला राज्य बन चुका है।
उन्होंने महिला सशक्तिकरण पर जोर देते हुए बताया कि ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ अभियान के तहत बेटियों के जन्म से लेकर उनकी शिक्षा तक आर्थिक सहायता प्रदान की जा रही है। वहीं, सामूहिक विवाह योजना के अंतर्गत गरीब परिवारों की बेटियों को आर्थिक सहयोग दिया जा रहा है। महिला सुरक्षा के लिए मिशन शक्ति, महिला हेल्पलाइन, एंटी रोमियो स्क्वायड और महिला बीट पुलिसिंग जैसे कदम उठाए गए हैं।
विधायक ने कहा कि प्रदेश की अर्थव्यवस्था और आधारभूत ढांचे को मजबूत करने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के तहत करोड़ों परिवारों को निःशुल्क गैस कनेक्शन दिए गए हैं, जबकि डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (DBT) के माध्यम से कई योजनाओं का लाभ सीधे लाभार्थियों तक पहुंचाया जा रहा है।
मुख्य विकास अधिकारी श्रीमती पूजा गुप्ता ने बताया कि इस 9 दिवसीय आयोजन में जनपद की उपलब्धियों को प्रदर्शनी के माध्यम से प्रस्तुत किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि इसका उद्देश्य लोगों को सरकारी योजनाओं के प्रति जागरूक करना और अधिक से अधिक लोगों तक उनका लाभ पहुंचाना है।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास योजना के अंतर्गत 56 लाभार्थियों को ऋण स्वीकृति पत्र वितरित किए गए। इसके अलावा 10 आंगनबाड़ी केंद्रों के लिए बच्चों के विकास और सुविधाओं हेतु संसाधन किट भी वितरित की गईं। आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को दी गई इन किटों का उद्देश्य बच्चों के पोषण, शिक्षा और समग्र विकास को सुदृढ़ करना है।
इस मौके पर परियोजना निदेशक डीआरडीए अरुण कुमार उपाध्याय, उपायुक्त मनरेगा विजय कुमार पाण्डेय, उपायुक्त उद्योग चंद्रभान सिंह, जिला दिव्यांगजन सशक्तिकरण अधिकारी विशाल कुमार और जिला कार्यक्रम अधिकारी बुद्धि मिश्रा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
9 दिवसीय यह मेला न केवल सरकारी योजनाओं की जानकारी देने का माध्यम बनेगा, बल्कि आमजन और प्रशासन के बीच संवाद को भी मजबूत करेगा। आयोजन के दौरान सांस्कृतिक कार्यक्रम, जागरूकता अभियान और जनहित से जुड़े अन्य कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे।