तहसील रोड पर गश्त के दौरान पकड़ा गया आरोपी, .315 बोर तमंचा और जिंदा कारतूस बरामद; आर्म्स एक्ट में मुकदमा दर्ज
बरेली जनपद के मीरगंज थाना पुलिस को अपराध नियंत्रण अभियान के तहत बड़ी सफलता मिली है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर चलाए जा रहे विशेष अभियान के दौरान पुलिस ने तहसील रोड पर चेकिंग के समय एक युवक को अवैध असलहे के साथ गिरफ्तार किया। आरोपी के पास से .315 बोर का तमंचा और एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ है।
संदिग्धों की चेकिंग के दौरान दबोचा गया आरोपी
पुलिस के अनुसार, थाना मीरगंज की टीम तहसील रोड पर गश्त करते हुए संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान एक युवक संदिग्ध अवस्था में आता दिखाई दिया। पुलिस टीम ने घेराबंदी कर उसे रोका और तलाशी ली, जिसमें उसके पास से एक .315 बोर का अवैध तमंचा और एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ।
संभल जिले का रहने वाला है आरोपी
पूछताछ में गिरफ्तार युवक ने अपना नाम रिजवान (उम्र 28 वर्ष) पुत्र इलियास निवासी ग्राम जनैटा, थाना बनियाठेर, जनपद संभल बताया है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी अवैध हथियार किस उद्देश्य से लेकर घूम रहा था और उसने इसे कहां से प्राप्त किया।
आर्म्स एक्ट में दर्ज हुआ मुकदमा
प्रभारी निरीक्षक संजय तोमर ने बताया कि आरोपी के खिलाफ थाना मीरगंज में मु0अ0सं0 87/26 के तहत आर्म्स एक्ट की धारा 3/25 में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। साथ ही आरोपी के आपराधिक इतिहास की भी जांच की जा रही है।
गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम
इस कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक संजय तोमर, प्रभारी कस्बा चौकी पंकज कुमार, हेड कांस्टेबल सूरजपाल सिंह और कांस्टेबल अंकुर सिरोही शामिल रहे।