बच्चों से पूछे सवाल, मिड-डे मील की गुणवत्ता जांची; छोटी कमियों को दूर करने के दिए निर्देश
भारत सरकार के संयुक्त सचिव अमित निर्मल ने सोमवार को बरेली जिले के मीरगंज तहसील क्षेत्र का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने ब्लॉक संसाधन केंद्र (बीआरसी) और पीएम श्री विद्यालय चुरई दलपतपुर का दौरा कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। संयुक्त सचिव के अचानक पहुंचने से शिक्षा विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों में हलचल मच गई।
अभिलेखों की जांच और बीआरसी का निरीक्षण
संयुक्त सचिव सबसे पहले मीरगंज स्थित बीआरसी कार्यालय पहुंचे, जहां उन्होंने कार्यालय में रखे विभिन्न अभिलेखों और पंजिकाओं की गहन जांच की। उन्होंने विभागीय कार्यों की प्रगति और रिकॉर्ड के रख-रखाव का निरीक्षण करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए। इसके बाद वे सीधे पीएम श्री विद्यालय चुराई दलपतपुर पहुंचे।
कक्षा में बच्चों से संवाद, भोजन की गुणवत्ता परखी
विद्यालय पहुंचकर संयुक्त सचिव अमित निर्मल ने कक्षा एक से आठ तक के छात्र-छात्राओं से संवाद किया। उन्होंने बच्चों से पाठ्यक्रम से जुड़े सवाल पूछकर उनकी शैक्षणिक स्थिति का आकलन किया। साथ ही मिड-डे मील की व्यवस्था का निरीक्षण करते हुए भोजन की गुणवत्ता और साफ-सफाई की बारीकी से जांच की। स्कूल परिसर और शौचालय के आसपास स्वच्छता व्यवस्था का भी जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने कहा कि पीएम श्री योजना के अंतर्गत विद्यालय का चयन होने से यहां पर्याप्त संसाधन उपलब्ध होंगे, जिससे विकास कार्यों को गति मिलेगी। स्मार्ट क्लास और खेल के मैदान जैसी सुविधाएं विद्यार्थियों के समग्र विकास में सहायक होंगी।
मीडिया से बातचीत में संयुक्त सचिव ने बताया कि निरीक्षण के दौरान स्मार्ट क्लास, खेल का मैदान और टॉयलेट सहित विभिन्न व्यवस्थाओं को देखा गया। उन्होंने स्वीकार किया कि कुछ छोटी कमियां पाई गई हैं, जिन्हें जल्द दूर करने के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि पीएम श्री विद्यालयों में मानकों के अनुरूप सभी सुविधाएं सुनिश्चित की जाएंगी।
इस दौरान एडीएम प्रशासन पूर्णिमा सिंह, एसडीएम आलोक कुमार, नायब तहसीलदार अरविंद कुमार, खंड शिक्षा अधिकारी मीरगंज सहित विद्यालय का समस्त स्टाफ मौजूद रहा।