Tuesday, March 31, 2026

Mathura News: गौ घाट पर क्लीन अप ड्राइव, ‘सेव यमुना’ का संदेश

लेखक: Jagran Today | Category: उत्तर प्रदेश | Published: February 21, 2026

Mathura News: गौ घाट पर क्लीन अप ड्राइव, ‘सेव यमुना’ का संदेश

जागरण टुडे, मथुरा

यमुना को स्वच्छ और निर्मल बनाने के उद्देश्य से मथुरा के गौ घाट पर व्यापक क्लीन-अप ड्राइव का आयोजन किया गया। “लेट्स सेव आवर रिवर” थीम पर आयोजित इस अभियान में प्रशासनिक अधिकारियों, सामाजिक संस्थाओं और विद्यार्थियों ने मिलकर श्रमदान किया और स्वच्छता का संदेश दिया।


अभियान में मथुरा-वृंदावन नगर निगम के नगर आयुक्त जग प्रवेश, ब्रज तीर्थ विकास परिषद के मुख्य कार्यपालक अधिकारी सूरज पटेल और अपर नगर आयुक्त सौरभ सिंह ने स्वयं घाट पर उतरकर सफाई की। अधिकारियों ने विद्यार्थियों के साथ मिलकर कूड़ा एकत्र किया और लोगों को यमुना संरक्षण के प्रति जागरूक किया।


यह कार्यक्रम मथुरा-वृंदावन नगर निगम, उत्तर प्रदेश ब्रज तीर्थ विकास परिषद, लिविंग पीस प्रोजेक्ट्स फाउंडेशन और वैल्यूसेन्ट फाउंडेशन के संयुक्त सहयोग से आयोजित किया गया। आयोजन का उद्देश्य केवल एक दिन की सफाई तक सीमित न रहकर इसे जनआंदोलन का रूप देना है, ताकि नागरिकों में स्थायी जागरूकता विकसित हो सके।

इस अवसर पर पाथवेज़ वर्ल्ड स्कूल, गुरुग्राम और कन्हा माखन स्कूल, मथुरा-वृंदावन के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भागीदारी की। छात्रों ने घाट पर फैले कचरे को हटाकर स्वच्छता का संकल्प लिया और दूसरों को भी प्रेरित किया।


नगर आयुक्त जग प्रवेश ने कहा कि मथुरा-वृंदावन विश्व प्रसिद्ध तीर्थस्थल है, जहां हर वर्ष देश-विदेश से लाखों श्रद्धालु आते हैं। ऐसे में घाटों और यमुना की स्वच्छता बनाए रखना हम सबकी जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि जब विद्यार्थी ऐसे अभियानों में शामिल होते हैं तो समाज में सकारात्मक संदेश तेजी से फैलता है।

ब्रज तीर्थ विकास परिषद के सीईओ सूरज पटेल ने कहा कि यमुना घाटों की स्वच्छता केवल प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि समाज की सामूहिक भागीदारी से ही संभव है। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि यमुना में कचरा न डालें और स्वच्छता बनाए रखने में सहयोग करें।

No ads available.

Get In Touch

BDA COLONY HARUNAGLA, BISALPUR ROAD BAREILLY

+91 7017029201

sanjaysrivastav1972@gmail.com

Follow Us

© 2026 Jagran Today. All Rights Reserved.