होली की उमंग के बीच ब्रज में रंगों के साथ लोक संस्कृति की छटा भी श्रद्धालुओं और पर्यटकों को विशेष रूप से आकर्षित करेगी। बरसाना, नंदगांव, मथुरा, गोकुल, महावन और बलदेव सहित ब्रज के विभिन्न स्थलों पर रंगों की फुहार के साथ लोक कलाकार अपनी पारंपरिक प्रस्तुतियों से वातावरण को आनंदमय बनाएंगे।
ब्रज की विश्व प्रसिद्ध होली अब रंगोत्सव के रूप में प्रारंभ होने जा रही है। मुख्य आयोजन की शुरुआत 24 फरवरी को बरसाना की ऐतिहासिक लड्डू होली से होगी। इसके अगले दिन 25 फरवरी को बरसाना में प्रसिद्ध लठ्ठ मार होली का आयोजन किया जाएगा।
सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के लिए परिषद ने बरसाना स्थित ब्रज बिहारी इंटर कॉलेज में मुख्य मंच तैयार किया है। 24 फरवरी को इस मंच पर मिश्रा बंधु, विवेक मेहता, पूनम दीदी और कुमार सत्यम द्वारा भजन प्रस्तुत किए जाएंगे। वहीं 25 फरवरी को लठ्ठामार होली के दिन मुरारी लाल शर्मा, अभिलाषा वर्मा, बनवारी लाल शर्मा और कैलाश पीयूष अपनी प्रस्तुतियों से श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध करेंगे।
इसके अतिरिक्त बरसाना में परिषद द्वारा सात छोटे मंच भी तैयार किए गए हैं, जहां विभिन्न लोक कलाकार अपनी कला का प्रदर्शन करेंगे। साथ ही स्ट्रीट परफॉर्मेंस के माध्यम से भी लोक कलाकार पारंपरिक प्रस्तुतियों से दर्शकों को आनंदित करेंगे।
बरसाना के बाद रंगोत्सव का उल्लास 26 फरवरी को नंदगांव और रावल में दिखाई देगा। 27 फरवरी को श्रीकृष्ण जन्मस्थान तथा श्री बांके बिहारी मंदिर में रंगों की होली, जबकि श्री द्वारिकाधीश मंदिर में कुंज की होली आयोजित होगी।
3 मार्च को फालेन में होलिका दहन, मथुरा में चतुर्वेदी समाज का डोला और होलीगेट क्षेत्र में उत्सव होगा। 5 मार्च को बलदेव में दाऊजी का हुरंगा, नंदगांव और जाव में हुरंगा तथा मुखराई में चरकुला नृत्य का आयोजन होगा। 6 मार्च को विश्रामघाट मथुरा, बठेन और गिडोह में हुरंगा की धूम रहेगी। 9 मार्च को महावन में तथा 12 मार्च को श्री रंगजी मंदिर, वृंदावन में होली के साथ सांस्कृतिक एवं लोक कलाओं का भव्य प्रदर्शन होगा।
रंगोत्सव की तैयारियों को अंतिम रूप देने के लिए परिषद और जिला प्रशासन जुटा है। परिषद के मुख्य कार्यपालक अधिकारी सूरज पटेल ने कहा कि ब्रज में होली के रंगों के साथ संस्कृति, संगीत और लोक परंपराओं का भी अद्भुत संगम दिखाई देगा। बृहस्पतिवार को मंडलायुक्त नगेंद्र प्रताप ने व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
ब्रज में होली उत्सव – 2026
24 फरवरी (मंगलवार) – फाग आमंत्रण, नंदगांव
24 फरवरी (मंगलवार) – लड्डू होली, बरसाना
25 फरवरी (बुधवार) – लठ्ठामार होली, बरसाना
26 फरवरी – लठ्ठामार होली, नंदगांव
26 फरवरी – रंग लठामार होली, रावल
27 फरवरी – श्रीकृष्ण जन्मस्थान, मथुरा – रंगों की होली
श्री बांके बिहारी मंदिर, वृंदावन – रंगों की होली
श्री द्वारिकाधीश मंदिर, मथुरा – कुंज की होली
1 मार्च – छड़ीमार होली, गोकुल
3 मार्च – चतुर्वेदी समाज का डोला, मथुरा
3 मार्च – होलिका दहन, फालेन
4 मार्च – धुलेड़ी, मथुरा
5 मार्च – दाऊजी का हुरंगा, बलदेव
5 मार्च – नंदगांव व जाव का हुरंगा, मुखराई में चरकुला
6 मार्च – बठेन व गिडोह का हुरंगा
9 मार्च – छड़ीमार होली, महावन
12 मार्च – श्री रंगजी मंदिर, वृंदावन में होली