बरेली जनपद के मीरगंज कोतवाली पुलिस ने वाहन चेकिंग अभियान के दौरान एक चोरी की मोटरसाइकिल बरामद करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में हड़कंप मच गया।
पुलिस के अनुसार, कोतवाली में तैनात उपनिरीक्षक पंकज कुमार अपने हमराहियों के साथ नथपुरा मार्ग पर संदिग्ध व्यक्ति और वाहनों की चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान एक बाइक सवार युवक को रोककर पूछताछ की गई। पूछताछ में युवक ने अपना नाम संतोष कुमार पुत्र रामचरन लाल निवासी ग्राम असदनगर, कोतवाली मीरगंज बताया।
जांच के दौरान आरोपी ने बताया कि उसने यह बाइक करीब तीन माह पूर्व मीरगंज कस्बे के मोहल्ला राजेंद्र नगर निवासी सूरज पुत्र घनश्याम से खरीदी थी। पुलिस द्वारा वाहन का सत्यापन किए जाने पर पता चला कि बरामद मोटरसाइकिल Hero Splendor Plus उधमसिंह नगर के रुद्रपुर से चोरी हुई थी। इस संबंध में थाना रुद्रपुर में पहले से ही मुकदमा दर्ज है।
कोतवाली प्रभारी निरीक्षक संजय तोमर ने बताया कि वाहन चेकिंग अभियान के दौरान चोरी की बाइक बरामद कर आरोपी संतोष कुमार को गिरफ्तार किया गया। आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा पंजीकृत कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
पुलिस ने बताया कि इससे पूर्व भी वाहन चेकिंग के दौरान चोरी की बाइक के साथ एक अन्य आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। क्षेत्र में अपराध नियंत्रण के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा।