विधानसभा घेराव से पहले सोमवार को बरेली पुलिस ने कांग्रेस नेताओं को उनके घरों में ही नजरबंद कर दिया। आवास विकास कॉलोनी स्थित निवास पर पूर्व शहर अध्यक्ष अजय शुक्ला और युवा कांग्रेस पश्चिम के प्रदेश अध्यक्ष पारस शुक्ला को भारी पुलिस बल की मौजूदगी में हाउस अरेस्ट किया गया। उनके घर के बाहर पुलिस का पहरा लगा दिया गया।
बताया जा रहा है कि कांग्रेस की ओर से विधानसभा घेराव का कार्यक्रम घोषित किया गया था। इसी के मद्देनजर एहतियातन कार्रवाई करते हुए पुलिस ने सुबह से ही कई नेताओं के आवासों पर पहुंचकर उन्हें बाहर निकलने से रोक दिया।
कार्रवाई की जद में ज़ुबैर खान, नौशाद अली खान, सरफराज, शमशेर खान, सरफराज खान, सरवत हाशमी, युवा कांग्रेस के अयान खान, ताबिश हसन, मोहम्मद असजद और पंडित पंकज शर्मा समेत कई कार्यकर्ता भी रहे। पुलिस ने इन्हें भी उनके घरों में नजरबंद रखा।
अजय शुक्ला ने इस कार्रवाई पर कड़ी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि सरकार विपक्ष की आवाज दबाने का प्रयास कर रही है। जनता के मुद्दों को उठाने से रोकने के लिए पुलिस का सहारा लिया जा रहा है, लेकिन कांग्रेस पीछे हटने वाली नहीं है। उनका कहना था कि लोकतंत्र में शांतिपूर्ण विरोध हर दल का अधिकार है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए यह कदम उठाया गया है। शहर में किसी प्रकार की अव्यवस्था न फैले, इसके लिए एहतियात बरता गया। दिनभर आवास विकास क्षेत्र में पुलिस की तैनाती बनी रही। फिलहाल स्थिति शांतिपूर्ण बताई जा रही है।