Tuesday, March 31, 2026

मथुरा में रंगोत्सव की तैयारी तेज, आला अफसरों की बैठक

लेखक: Jagran Today | Category: उत्तर प्रदेश | Published: February 14, 2026

मथुरा में रंगोत्सव की तैयारी तेज, आला अफसरों की बैठक

जागरण टुडे, मथुरा

उत्तर प्रदेश ब्रज तीर्थ विकास परिषद के सभागार में शुक्रवार को रंगोत्सव 2026 की तैयारियों को लेकर एक उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक संपन्न हुई। बैठक की अध्यक्षता माननीय गन्ना विकास एवं चीनी मिलें मंत्री श्री लक्ष्मी नारायण चौधरी ने की। इस अवसर पर ब्रज की विश्वप्रसिद्ध होली परंपराओं को सुरक्षित, सुव्यवस्थित और भव्य रूप देने के लिए प्रशासनिक, सुरक्षा, सांस्कृतिक और बुनियादी सुविधाओं से जुड़े विस्तृत निर्देश दिए गए।


बैठक में माननीय महापौर श्री विनोद अग्रवाल, उत्तर प्रदेश ब्रज तीर्थ विकास परिषद के उपाध्यक्ष श्री शैलजाकांत मिश्र, मंडलायुक्त श्री नगेन्द्र प्रताप, पुलिस उपमहानिरीक्षक श्री शैलेश कुमार पाण्डेय, सांसद प्रतिनिधि श्री जनार्दन शर्मा, जिलाधिकारी श्री चंद्र प्रकाश सिंह, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री श्लोक कुमार, नगर आयुक्त श्री जग प्रवेश, मथुरा-वृंदावन विकास प्राधिकरण की उपाध्यक्ष लक्ष्मी एन, परिषद के मुख्य कार्यपालक अधिकारी श्री सूरज पटेल सहित प्रशासन, पुलिस और विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

रंगोत्सव 2026 का विस्तृत कार्यक्रम

बैठक में रंगोत्सव 2026 के अंतर्गत आयोजित होने वाले कार्यक्रमों की तिथिवार जानकारी साझा की गई।
24 फरवरी को नंदगांव में फाग आमंत्रण और बरसाना में लड्डू होली,
25 फरवरी को बरसाना की विश्वप्रसिद्ध लठामार होली,
26 फरवरी को नंदगांव की लठामार होली और रावल गांव में रंग लठामार होली,
27 फरवरी को श्री कृष्ण जन्मस्थान मंदिर, वृंदावन के श्री बांके बिहारी मंदिर और मथुरा के श्री द्वारिकाधीश मंदिर में रंगों की होली व कुंज होली,
1 मार्च को गोकुल की छड़ीमार होली,
3 मार्च को मथुरा में चतुर्वेदी समाज का डोला और फालैन गांव में ब्रह्म मुहूर्त में होलिका दहन,
4 मार्च को धुलेंडी (पूरे जनपद में),
5 मार्च को बल्देव में दाऊजी का हुरंगा, जांब गांव का हुरंगा, चरकुला मुखराई और नंदगांव का हुरंगा,
6 मार्च को बठैन और गिडोह का हुरंगा,
9 मार्च को महावन की छड़ीमार होली,
तथा 12 मार्च 2026 को वृंदावन स्थित श्री रंगजी मंदिर में होली का आयोजन होगा।

सांस्कृतिक मंच, प्रवेश द्वार और सेल्फी प्वाइंट

बरसाना की लड्डू होली और लठामार होली को केंद्र में रखते हुए मेला क्षेत्र में सांस्कृतिक कार्यक्रमों के मंच, आकर्षक साज-सज्जा, प्रवेश द्वार, सेल्फी प्वाइंट और लाइव प्रसारण की व्यवस्था पर्यटन विभाग और ब्रज तीर्थ विकास परिषद के समन्वय से की जाएगी। श्री राधा बिहारी इंटर कॉलेज में दो दिवसीय सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

रंगोत्सव 2026 के अंतर्गत जनपद के विभिन्न स्थलों पर कुल 23 भव्य प्रवेश द्वार बनाए जाएंगे—बरसाना में 5, नंदगांव में 4, रावल में 2, गोकुल में 2, बल्देव में 2, फालैन में 2, महावन में 1 और मथुरा में 5। इसके साथ ही 25 छोटे सांस्कृतिक स्टेज और 12 सेल्फी प्वाइंट भी स्थापित किए जाएंगे।

मंदिरों की रोशनी और फसाड लाइटिंग

ब्रज क्षेत्र के प्रमुख मंदिरों और धार्मिक स्थलों पर विशेष विद्युत सजावट और प्रकाश व्यवस्था की जाएगी। इनमें गाजीपुर मंदिर, संकेत मंदिर, श्री राधारानी मंदिर रावल, नंदकिला नंदभवन गोकुल, प्रहलाद मंदिर फालैन, होली गेट मथुरा, विश्राम घाट, ठाकुर श्री दाऊजी मंदिर बल्देव और नंदभवन चौरासी खंभा मंदिर महावन शामिल हैं। वहीं श्री राधारानी जी मंदिर बरसाना और श्री नंद मंदिर नंदगांव में विशेष फसाड लाइटिंग की जाएगी।

सुरक्षा, यातायात और स्वास्थ्य व्यवस्था

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्लोक कुमार ने बताया कि बरसाना क्षेत्र को 7 जोन और 18 सेक्टर में विभाजित किया गया है। यहां 56 पार्किंग स्थल और 94 बैरियर बनाए जा रहे हैं। 13 स्थानों पर स्वास्थ्य केंद्र, 5 दोपहिया एंबुलेंस, 5 वॉचटावर और 5 स्थानों पर अग्निशमन व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी। सीसीटीवी कैमरों, ड्रोन और पब्लिक अनाउंसमेंट सिस्टम के जरिए पूरे मेला क्षेत्र पर कड़ी निगरानी रखी जाएगी।

मंत्री के निर्देश: सेवा भाव और सख्ती दोनों

माननीय मंत्री श्री लक्ष्मी नारायण चौधरी ने अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देश दिए कि श्रद्धालुओं और पर्यटकों से विनम्र व्यवहार किया जाए और सेवा भाव के साथ ड्यूटी निभाई जाए। उन्होंने नकली गुलाल, मिलावटी खाद्य पदार्थों और दूषित सामग्री पर सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए। खाद्य सुरक्षा विभाग को मिलावटी सामग्री नष्ट कराने और दुकानदारों को गुणवत्ता बनाए रखने के लिए जागरूक करने को कहा गया।

साथ ही, भंडारों में सफाई व्यवस्था, जगह-जगह कूड़ेदान, सड़कों की मरम्मत, कुंडों की बैरिकेडिंग, पार्किंग, लाइटिंग, पेयजल और शौचालय की व्यवस्था समय से पूरी करने के निर्देश दिए गए।

साफ-सफाई और विद्युत व्यवस्था

जिलाधिकारी ने बताया कि 294 सफाई कर्मचारी और 35 सुपरवाइजरों की ड्यूटी लगाई गई है। विद्युत विभाग को लटके तारों को व्यवस्थित करने, खंभों और ट्रांसफार्मरों की प्लास्टिक रैपिंग तथा कंट्रोल रूम में तैनाती के निर्देश दिए गए।

No ads available.

Get In Touch

BDA COLONY HARUNAGLA, BISALPUR ROAD BAREILLY

+91 7017029201

sanjaysrivastav1972@gmail.com

Follow Us

© 2026 Jagran Today. All Rights Reserved.