जनपद बरेली की मीरगंज तहसील क्षेत्र अंतर्गत धनेटा-शीशगढ़ मार्ग पर शुक्रवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। दुनका अजमेरी कॉलोनी के सामने रोडवेज बस और ट्रैक्टर-थ्रेशर की आमने-सामने जोरदार टक्कर से अफरा-तफरी मच गई। हादसे में बस सवार करीब आधा दर्जन यात्री घायल हो गए, जबकि ट्रैक्टर चालक की हालत गंभीर बताई जा रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार शुक्रवार शाम करीब 7 बजे आंदनपुर निवासी छोटे लाल गंगवार पुत्र पूरन लाल अपने ट्रैक्टर-थ्रेशर से आंदनपुर से जोखनपुर की ओर जा रहे थे। इसी दौरान शीशगढ़ की तरफ से आ रही तेज रफ्तार रोडवेज बस अचानक अनियंत्रित हो गई और सामने से आ रहे ट्रैक्टर-थ्रेशर से भिड़ गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों वाहन क्षतिग्रस्त हो गए।
हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। बस में सवार यात्रियों को मामूली चोटें आईं, जिन्हें प्राथमिक उपचार दिया गया। वहीं ट्रैक्टर चालक छोटे लाल गंगवार गंभीर रूप से घायल हो गए। परिजन और स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें तत्काल नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार जारी है।
सूचना मिलते ही दुनका पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाकर यातायात बहाल कराया और घटना की जांच शुरू कर दी है। इस हादसे के बाद क्षेत्र में सड़क सुरक्षा को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं।