Tuesday, March 31, 2026

Mathura News: 16 फरवरी से खसरा-रूबेला टीकाकरण अभियान, डीएम की अपील

लेखक: Jagran Today | Category: उत्तर प्रदेश | Published: February 13, 2026

Mathura News: 16 फरवरी से खसरा-रूबेला टीकाकरण अभियान, डीएम की अपील

जागरण टुडे, मथुरा

 जनपद में बच्चों को खसरा एवं रूबेला जैसी संक्रामक बीमारियों से सुरक्षित रखने के उद्देश्य से 16 फरवरी से 27 फरवरी तक विशेष खसरा-रूबेला (मीजल्स-रूबेला) टीकाकरण अभियान चलाया जाएगा। अभियान को लेकर स्वास्थ्य विभाग ने सभी तैयारियां पूर्ण कर ली हैं।

चंद्र प्रकाश सिंह ने बृजवासियों, अभिभावकों और जनसामान्य से अपील की है कि वे अपने बच्चों को निर्धारित तिथि और समय पर विद्यालय स्थित टीकाकरण केंद्र पर अवश्य भेजें। उन्होंने कहा कि समय पर टीकाकरण से ही खसरा-रूबेला जैसी गंभीर बीमारियों से बच्चों की प्रभावी सुरक्षा संभव है।

अभियान के अंतर्गत जनपद के सभी सरकारी एवं निजी विद्यालयों, मदरसों और अन्य शिक्षण संस्थानों में अध्ययनरत कक्षा 1 से 5 तक (5 से 10 वर्ष आयु वर्ग) के बच्चों को टीका लगाया जाएगा। इसके लिए स्कूल परिसरों और चिन्हित स्थलों पर विशेष सत्र आयोजित किए जाएंगे, ताकि अधिक से अधिक बच्चों को अभियान का लाभ मिल सके।

मुख्य चिकित्साधिकारी कार्यालय, मथुरा के अनुसार अभियान को सफल बनाने के लिए जिला प्रशासन, बेसिक शिक्षा विभाग, बाल विकास सेवा एवं पुष्टाहार विभाग, अल्पसंख्यक कल्याण विभाग सहित अन्य संबंधित विभागों के साथ समन्वय स्थापित किया गया है। मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. राधा वल्लभ ने बताया कि यह अभियान बच्चों के स्वस्थ भविष्य के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है।

जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. रोहितास सिंह ने जानकारी दी कि सभी विकासखंडों में माइक्रोप्लान तैयार कर लिया गया है। टीकाकरण टीमों को प्रशिक्षण दिया जा चुका है तथा वैक्सीन, आवश्यक लॉजिस्टिक्स और कोल्ड-चेन व्यवस्था सुनिश्चित कर ली गई है, जिससे अभियान सुचारु रूप से संचालित किया जा सके।

No ads available.

Get In Touch

BDA COLONY HARUNAGLA, BISALPUR ROAD BAREILLY

+91 7017029201

sanjaysrivastav1972@gmail.com

Follow Us

© 2026 Jagran Today. All Rights Reserved.