Thursday, April 2, 2026

Bareilly News : लगातार जानलेवा हादसों के बाद हरकत में आया एनएचएआई, राधा कृष्ण मंदिर कट बंद होने की जगी उम्मीद

लेखक: Omkar Gangwar | Category: उत्तर प्रदेश | Published: February 7, 2026

Bareilly News : लगातार जानलेवा हादसों के बाद हरकत में आया एनएचएआई, राधा कृष्ण मंदिर कट बंद होने की जगी उम्मीद

जागरण टुडे, मीरगंज (बरेली)

जनपद बरेली के फतेहगंज पश्चिमी क्षेत्र के राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित राधा कृष्ण मंदिर कट पर लगातार हो रहे जानलेवा सड़क हादसों के बाद आखिरकार भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) ने संज्ञान ले लिया है। शनिवार को एनएचएआई की टीम ने मौके पर पहुंचकर खतरनाक कट का निरीक्षण किया, जिसके बाद इसे पूरी तरह बंद किए जाने की उम्मीद बढ़ गई है।

बताया जा रहा है कि छात्र असद अंसारी द्वारा इस मामले की शिकायत प्रधानमंत्री कार्यालय (पीएमओ) तक पहुंचने के बाद प्रशासन हरकत में आया। इसके अलावा गुरुवार को हुए जानलेवा हादसे और शुक्रवार रात टेंपो पलटने की घटना ने स्थिति की गंभीरता को और उजागर कर दिया, जिसके बाद एनएचएआई को तत्काल निरीक्षण के निर्देश दिए गए।

शनिवार को राधा कृष्ण मंदिर के पास बने कट का स्थलीय निरीक्षण एनएचएआई की टीम ने किया। निरीक्षण टीम में रूट पेट्रोलिंग अधिकारी महेंद्र पुनिया, सहायक पेट्रोलिंग अधिकारी अशोक कुमार तथा चौकी प्रभारी अनूप सिंह शामिल रहे। टीम ने कट की मौजूदा स्थिति का जायजा लिया और माना कि यह स्थान लगातार गंभीर सड़क हादसों का कारण बन रहा है।

निरीक्षण के दौरान यह भी स्पष्ट किया गया कि कट को खुला रखना आमजन की सुरक्षा के लिए गंभीर खतरा है, इसलिए इसे पूरी तरह बंद करना आवश्यक है। सूत्रों के अनुसार, पीएमओ स्तर से संज्ञान लिए जाने के बाद इस मामले में उच्च अधिकारियों के निर्देश पर जांच कराई गई है।

गौरतलब है कि इससे पहले केवल एएनए कॉलेज कट को बंद किया गया था, जबकि राधा कृष्ण मंदिर कट को नजरअंदाज किया गया, जो बाद में लगातार हादसों की वजह बनता रहा।


इस संबंध में चौकी प्रभारी अनूप सिंह ने बताया कि पूर्व में भी उन्होंने इस कट को बंद कराने के लिए संबंधित विभाग को पत्र लिखा था, लेकिन तब कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। अब हालिया हादसों के बाद एनएचएआई द्वारा निरीक्षण किया गया है और जल्द ही इस कट को बंद कर सुरक्षित वैकल्पिक मार्ग उपलब्ध कराने की प्रक्रिया शुरू किए जाने की संभावना है।

निरीक्षण के बाद स्थानीय लोगों ने राहत की सांस ली है और उम्मीद जताई है कि समय रहते यदि यह कट बंद कर दिया गया, तो भविष्य में होने वाले जानलेवा हादसों पर काफी हद तक रोक लग सकेगी।

No ads available.

Get In Touch

BDA COLONY HARUNAGLA, BISALPUR ROAD BAREILLY

+91 7017029201

sanjaysrivastav1972@gmail.com

Follow Us

© 2026 Jagran Today. All Rights Reserved.