जनपद बरेली के मीरगंज थाना क्षेत्र से एक हृदयविदारक हादसे की खबर सामने आई है।जहाँ गांव चुरई दलपतपुर में मकान की छत पर निर्माण कार्य के दौरान 11 हजार केवी हाईटेंशन बिजली लाइन की चपेट में आने से एक राजमिस्त्री की दर्दनाक मौत हो गई। घटना से मृतक के परिवार में कोहराम मच गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, गांव चुरई दलपतपुर निवासी 36 वर्षीय बिट्टन शर्मा पुत्र नत्थूलाल गांव के ही ब्रजेश सक्सेना के मकान पर निर्माण कार्य कर रहे थे। शुक्रवार को वह मकान की छत पर घुटाई का काम कर रहे थे। इसी दौरान उनके हाथ में पकड़ी हुई फन्टी (निर्माण कार्य में प्रयुक्त औजार) अचानक मकान के ऊपर से गुजर रही 11 हजार केवी हाईवोल्टेज बिजली लाइन से टकरा गई।
तेज करंट की चपेट में आने से बिट्टन शर्मा गंभीर रूप से झुलस गए और मौके पर ही गिर पड़े। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आनन-फानन में परिजन व ग्रामीण उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मीरगंज ले गए, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
राजमिस्त्री की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। मृतक की पत्नी मुन्नी देवी का रो-रोकर बुरा हाल है। बिट्टन शर्मा अपने पीछे पत्नी और दो मासूम बेटे—अभी और अनिकेत—को छोड़ गए हैं। वह परिवार के इकलौते कमाऊ सदस्य थे।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है। साथ ही घनी आबादी वाले क्षेत्र में मकानों के ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन लाइन को लेकर सुरक्षा मानकों के पालन की भी जांच की जा रही है।