ब्रज में शीघ्र धर्म सभा को संबोधित करेंगे शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद
माघ मेला प्रकरण में शासन की भूमिका के विरोध और सनातन धर्म की रक्षा को लेकर देशभर में उठ रही आवाज़ के बीच एक बड़ा निर्णय सामने आया है। शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद ने शीघ्र ही ब्रज क्षेत्र में पहुंचकर विशाल धर्म सभा को संबोधित करने की स्वीकृति प्रदान की है। इसे सनातन धर्म के पक्ष में निर्णायक संघर्ष की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
इस संदर्भ में हाल ही में अखिल भारतीय तीर्थ पुरोहित महासभा एवं श्री माथुर चतुर्वेदी समाज के संयुक्त तत्वावधान में एक अहम बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता मुख्य संरक्षक महेश पाठक ने की। बैठक में माघ मेला प्रकरण को लेकर शासन के कथित जनविरोधी एवं धर्मविरोधी रवैये की तीखी निंदा की गई। साथ ही, सनातन धर्म पर हो रहे निरंतर प्रहारों के खिलाफ एकजुट होकर संघर्ष करने का संकल्प लिया गया।
बैठक में सर्वसम्मति से शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद महाराज को पूर्ण समर्थन देने का प्रस्ताव पारित किया गया। इसके पश्चात दोनों संस्थाओं के एक संयुक्त प्रतिनिधि मंडल ने वाराणसी स्थित महाराज जी के आश्रम में भेंट कर उन्हें समर्थन पत्र सौंपा।
इस दौरान गौ-रक्षा, पवित्र नदियों की अविरलता, मंदिरों पर सरकारी नियंत्रण, माघ मेला व्यवस्था तथा सनातन धर्म के मूल स्वरूप पर हो रहे आघात जैसे गंभीर विषयों पर विस्तार से विचार-विमर्श हुआ। प्रतिनिधि मंडल और समाज के आग्रह को स्वीकार करते हुए शंकराचार्य ने ब्रज में आकर धर्म सभा को संबोधित करने की सहमति प्रदान की।
प्रतिनिधि मंडल में संजय चतुर्वेदी, राकेश तिवारी (एडवोकेट), वाराणसी से कन्हैया त्रिपाठी, पप्पे चौबे एवं निर्भय पाठक शामिल रहे। कार्यक्रम की तिथि शीघ्र घोषित की जाएगी।