शहर में 26 सितंबर 2025 को हुए बवाल के दौरान पुलिस पर हमला कर फायरिंग करने के आरोपी मजारिया हिस्ट्रीशीटर बदमाशको बारादरी पुलिस ने शुक्रवार की रात गिरफ्तार कर लिया। उसके पास अवैध असलाह भी बरामद हुआ।
बारादरी थाने के प्रभारी निरीक्षक धनंजय पांडेय ने बताया कि 30 जनवरी की रात पुलिस टीम गश्त और चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर ने सूचना दी कि एक व्यक्ति अवैध असलहा लेकर कहीं जाने की फिराक में है। इस पर तत्काल कार्रवाई करते हुए पुलिस ने पीलीभीत बाईपास रोड स्थित सम्राट अशोक नगर जाने वाले मार्ग से सुभान उर्फ चूरन पुत्र अल्ताफ हुसैन निवासी किशोर बाजार तिराहा सिविल लाइन थाना कोतवाली को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के पास एक 12 बोर तमंचा और दो कारतूस बरामद हुए।
यह भी पढ़ें: 26 सितंबर का बवाल नहीं सुनियोजित हमला था, जांच में पेट्रोल बम और तेजाब होने की पुष्टि
गिरफ्तारी के बाद थाना बारादरी पर आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया। पुलिस के अनुसार सुभान उर्फ चूरन थाना कोतवाली का प्रचलित मजारिया हिस्ट्रीशीटर है, जो बरेली में 26 सितंबर को हुए उपद्रव से जुड़े कई मामलों में थाना बारादरी और कोतवाली में वांछित चल रहा था।
पार्षद अनीश सकलैनी ने दिया था तमंचा
पूछताछ के दौरान आरोपी ने कई चौंकाने वाले खुलासे किए। उसने बताया कि वह कक्षा 12वीं तक पढ़ा है। वह मौलाना तौकीर रजा को जानता है। 26 सितंबर को इस्लामिया ग्राउंड में हुए धरना-प्रदर्शन के लिए उसे बुलाया गया था। उसने आरोप लगाया कि पार्षद अनीस सकलैनी ने उसे असलहा और कारतूस देकर निर्देश दिया कि भीड़ के इशारे पर पुलिस या रोकने वालों पर फायरिंग करनी है। दंगे के दौरान उसने पुलिस पार्टी पर 2-3 राउंड फायर किए और मौके से फरार हो गया।
पुलिस टीम में ये रहे शामिल
आरोपी को गिरफ्तार करने वाली टीम में बारादरी थाने के प्रभारी निरीक्षक धनंजय कुमार पांडेय, जगतपुर चौकी प्रभारी कुशलपाल सिंह, सैटेलाइट चौकी प्रभारी विनय बहादुर, हेड कांस्टेबल आशीष कुमार मिश्र, विनीत कुमार, कांस्टेबल सिद्धान्त चौधरी, दिपांशु पोसवाल और अजीत कुमार शामिल रहे।