आगरा मंडल में 77वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर गोवर्धन रेलवे स्टेडियम में भव्य समारोह का आयोजन किया जाएगा। इस अवसर पर आगरा मंडल रेल प्रबंधक गगन गोयल द्वारा राष्ट्रीय ध्वज फहराया जाएगा। समारोह के दौरान विभिन्न टुकड़ियों द्वारा परेड मार्च, आकर्षक सांस्कृतिक कार्यक्रमों तथा देशभक्ति से ओत-प्रोत प्रस्तुतियों का आयोजन किया जाएगा।
गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या पर आगरा मंडल में उत्सव का माहौल देखने को मिला। मंडल के प्रमुख रेलवे स्टेशनों को तिरंगे रंग की आकर्षक लाइटिंग से सजाया गया है। इनमें आगरा कैंट, ईदगाह आगरा, मथुरा जंक्शन, आगरा फोर्ट एवं अन्य रेलवे स्टेशन शामिल हैं। इसके अतिरिक्त आगरा मंडल कार्यालय को भी विशेष रोशनी से सजाया गया है, जिससे देशभक्ति और राष्ट्रीय गौरव की भावना झलकती है।
आगरा मंडल द्वारा गणतंत्र दिवस के इस आयोजन के माध्यम से राष्ट्रीय एकता, अखंडता एवं संविधान के प्रति सम्मान का संदेश दिया जा रहा है।