भारत रत्न, पूर्व प्रधानमंत्री और युगद्रष्टा अटल बिहारी वाजपेई जी की जन्म शताब्दी के पावन अवसर पर छाता विधानसभा क्षेत्र में भव्य अटल स्मृति सम्मेलन का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम बरसाना स्थित नवल वाटिका में संपन्न हुआ, जहां बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं और आमजन की सहभागिता देखने को मिली। सम्मेलन स्थल पर देशभक्ति, संगठनात्मक अनुशासन और अटल जी के विचारों से प्रेरित वातावरण नजर आया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में कैबिनेट मंत्री लक्ष्मीनारायण चौधरी उपस्थित रहे। इसके साथ ही भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश मंत्री विजय शिवहरे, ब्रज क्षेत्र युवा मोर्चा अध्यक्ष मनीष गौतम, जिला पदाधिकारी, मंडल प्रभारी, मंडल अध्यक्षों सहित बड़ी संख्या में देवतुल्य कार्यकर्ता मौजूद रहे। सम्मेलन का उद्देश्य अटल बिहारी वाजपेई जी के जीवन, विचारों और राष्ट्रसेवा के कार्यों को स्मरण कर नई पीढ़ी को उनसे प्रेरित करना रहा।
मुख्य अतिथि कैबिनेट मंत्री लक्ष्मीनारायण चौधरी ने अपने संबोधन में कहा कि अटल बिहारी वाजपेई जी ने अपना संपूर्ण जीवन देश की सेवा को समर्पित कर दिया। वे ऐसे नेता थे, जिनकी राजनीतिक प्रतिबद्धता, दूरदर्शी सोच और कुशल नेतृत्व ने उन्हें भारत के महानतम प्रधानमंत्रियों में स्थान दिलाया। उन्होंने कहा कि आज आवश्यकता है कि हम अटल जी के आदर्शों को आत्मसात कर उनके दिखाए मार्ग पर चलते हुए राष्ट्र के विकास में सक्रिय भूमिका निभाएं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि अटल जी की विरासत को आगे बढ़ाते हुए देश को सशक्त और आत्मनिर्भर बनाने में योगदान दें।
भाजपा प्रदेश मंत्री विजय शिवहरे ने भी अपने विचार रखते हुए कहा कि अटल बिहारी वाजपेई जी केवल एक राजनेता नहीं, बल्कि संवेदनशील कवि, कुशल वक्ता और सच्चे राष्ट्रभक्त थे। उन्होंने राजनीति में शुचिता, संवाद और सहमति की संस्कृति को स्थापित किया। उनके नेतृत्व में भारत ने वैश्विक मंच पर नई पहचान बनाई।
कार्यक्रम में वक्ताओं ने अटल जी की कविताओं, उनके ओजस्वी भाषणों और ऐतिहासिक निर्णयों को याद करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। सम्मेलन का सफल आयोजन संयोजक रणवीर सिंह और उनकी टीम के अथक प्रयासों से संभव हो सका, जिसके लिए सभी ने उन्हें बधाई दी। अटल स्मृति सम्मेलन ने छाता विधानसभा में संगठनात्मक एकता और प्रेरणा का संदेश दिया।