व्यवहारिक नववर्ष के पावन अवसर पर पुष्टिमार्ग संप्रदाय के प्रमुख मंदिर ठाकुर द्वारकाधीश में भव्य और अलौकिक सजावट की जा रही है। इस विशेष अवसर पर मंदिर को आधुनिक एवं आकर्षक लाइटिंग से सजाया गया है और ठाकुर जी आठों झांकियों में भक्तों को विशेष दर्शन देंगे। देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं के लिए बीते चार दिनों से तैयारियां युद्धस्तर पर चल रही हैं।
मंदिर के विधि एवं मीडिया प्रभारी राकेश तिवारी एडवोकेट ने जानकारी देते हुए बताया कि मंदिर के गोस्वामी श्री श्री 108 डॉक्टर वागिश कुमार जी महाराज, तृतीय पीठाधीश्वर कांकरोली नरेश जी की आज्ञा एवं मार्गदर्शन में यह भव्य आयोजन किया जा रहा है। नववर्ष के शुभारंभ पर ठाकुर जी के दर्शनों से भक्तों को आध्यात्मिक शांति, सुख-समृद्धि और नव ऊर्जा की अनुभूति होगी।
मंदिर परिसर में विशेष सजावट के साथ प्रत्येक झांकी को अलग-अलग भाव और श्रृंगार में सजाया गया है, ताकि श्रद्धालुओं को विविध स्वरूपों में ठाकुर जी के दर्शन का सौभाग्य प्राप्त हो सके। लाइटिंग और सजावटी व्यवस्था इस प्रकार की गई है कि दर्शनार्थियों को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो और उत्सव का दिव्य वातावरण बना रहे।
मंदिर प्रशासन द्वारा दर्शन व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए स्पष्ट गाइडलाइन जारी की गई हैं। श्रद्धालुओं को मुख्य द्वार से प्रवेश दिया जाएगा, जबकि अन्य दो द्वारों से निकास की व्यवस्था रहेगी। महिलाओं और पुरुषों के लिए अलग-अलग पंक्तियों में दर्शन की व्यवस्था की गई है। सुरक्षा कारणों से बैग, थैला या अन्य प्रतिबंधित वस्तुएं मंदिर परिसर में ले जाना वर्जित रहेगा।
भीड़ के दबाव को देखते हुए अत्यंत बुजुर्ग, गर्भवती महिलाएं, बीमार व्यक्ति और छोटे बच्चों को दर्शन के लिए लाने से परहेज करने की अपील की गई है। प्रशासनिक स्तर पर भी पर्याप्त व्यवस्था की गई है तथा मंदिर प्रशासन ने अपने सुरक्षा गार्डों को शालीन एवं सहयोगात्मक व्यवहार के निर्देश दिए हैं।
अंत में मंदिर प्रशासन ने सभी धर्मप्रेमी श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे शांतिपूर्वक दर्शन कर नववर्ष में ठाकुर जी से सुख, शांति और मंगलमय जीवन की कामना करें।