मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य के दौरे को लेकर ट्रैफिक पुलिस ने शहर में दो दिन के लिए रूट डायवर्जन लागू किया है। इस दौरान शहर में भारी वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। पुराना बस अड्डे से रोडवेज बसों का परिचालन बंद रहेगा। सभी बसें सेटेलाइट बस अड्डे से संचालित होंगी।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और अन्य वीवीआईपी का शहर में आवागमन होगा। उनके कार्यक्रम के दृष्टिगत ट्रैफिक पुलिस ने दो दिन डायवर्जन लागू किया है। एसपी ट्रैफिक मोहम्मद अकमल खान ने बताया कि बुधवार को सुबह 7 बजे से गुरुवार को कार्यक्रम समाप्ति तक परसाखेड़ा रोड नंबर-1, बिलवा पुल, लालपुर कट, विलयधाम, नवदिया झादा, ट्रांसपोर्ट नगर तिराहा, रामगंगा तिराहा, बुखारा मोड़ से कोई भी भारी वाहन शहर की तरफ प्रवेश नहीं कर पाएगा। थाना प्रभारियों को पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की ड्यूटी लगाने के निर्देश दिए गए हैं।
इधर से जा सकेंगे भारी वाहन
-दिल्ली और रामपुर की तरफ से आने वाले भारी वाहन और रोडवेज बसें झुमका तिराहे से बड़ा बाईपास से बिल्वा, विलयधाम, नवदिया झादा, फरीदपुर से फतेहगंज पूर्वी से दातागंज से देवचरा से भमोरा होते हुए बदायूं जा सकेंगे।
-नैनीताल और पीलीभीत की तरफ से आने वाले भारी वाहन व रोडवेज बसें बड़ा बाईपास से झुमका, बिल्वा, विलयधाम, फरीदपुर, फतेहगंज पूर्वी होकर लखनऊ जा सकेंगे।
- लखनऊ की तरफ से आने वाले भारी वाहन फरीदपुर, इन्वर्टिस तिराहा होते हुए बड़ा बाईपास से दिल्ली की ओर जा सकेंगे।
-बदायूं की तरफ से आने वाले भारी वाहन भमोरा से देवचरा चौराहा से दातागंज, फतेहगंज पूर्वी से इन्वर्टिस यूनिवर्सिटी से ट्रांसपोर्ट नगर तक आ सकेंगे और बड़ा बाईपास होते हुए दिल्ली जा सकेंगे।
यहां से होगा बसों का डायवर्जन
-बदायूं और लखनऊ की तरफ से आने वाली रोडवेज बसें इन्वर्टिस तिराहे से सेटेलाइट बस अड्डे तक आएंगी।
- दिल्ली, रामपुर, नैनीताल, पीलीभीत रोड से आने वाली रोडवेज बसें झुमका, बिल्वा, विलयधाम, इन्वर्टिस तिराहा होते हुए सेटेलाइट बस अड्डे तक आ और जा सकेंगी।