भाजपा प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी शनिवार को मेयर उमेश गौतम के बेटे पार्थ गौतम के विवाह समारोह में शामिल होने बरेली पहुंचे। कार्यक्रम के बाद उन्होंने मीडिया से बातचीत में बीएलओ की मौत होने, विशेष मतदाता पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान और पश्चिम बंगाल में बाबरी मस्जिद नाम पर हुए कथित शिलान्यास पर विपक्ष पर सीधा निशाना साधा।
बीएलओ की मौत और एसआईआर प्रक्रिया से जुड़े सवालों पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी ने कहा कि विपक्ष जानबूझकर भ्रम फैलाने का प्रयास कर रहा है। एसआईआर पूरी तरह संवैधानिक और पारदर्शी प्रक्रिया है, जिसे भारत निर्वाचन आयोग निष्पक्षता से संचालित कर रहा है। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची का पुनरीक्षण हर वर्ष होता है, लेकिन दो दशकों बाद इस विशेष अभियान को इसलिए शुरू किया गया है ताकि डाटा अधिक सटीक और अद्यतन हो सके।
भूपेंद्र चौधरी ने समाजवादी पार्टी और विपक्षी दलों पर निशाना साधते हुए कहा कि वे चुनाव परिणामों से बौखलाए हुए हैं, इसलिए निर्वाचन प्रक्रिया पर संदेह पैदा कर रहे हैं। उन्होंने बिहार का उदाहरण देते हुए कहा कि वहां एसआईआर पूरा होने के बाद मतदाता सूची जारी हुई, जिस पर किसी ने आपत्ति नहीं की। चुनाव भी शांतिपूर्वक सम्पन्न हुए, लेकिन परिणाम आने के बाद विपक्ष ने सवाल उठाने शुरू कर दिए, जो जनता के फैसले का अपमान है।
भूपेंद्र चौधरी ने कहा कि पिछले कई चुनावों में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में जनता का भरोसा भाजपा में लगातार बढ़ा है, और इसी बढ़ते विश्वास से विपक्ष परेशान है। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष संवैधानिक संस्थाओं को बदनाम करने की कोशिश कर रहा है।
पश्चिम बंगाल में बाबरी मस्जिद के नाम पर हुए कथित शिलान्यास पर उन्होंने कहा कि यह कदम सामाजिक सौहार्द को बिगाड़ने वाला है। उन्होंने टीएमसी पर निशाना साधते हुए कहा कि इस प्रकार के विवाद देश की एकता के लिए हानिकारक हैं। भूपेंद्र चौधरी ने उम्मीद जताई कि बंगाल सरकार मामले को गंभीरता से लेकर शांति बनाए रखने की दिशा में सही कार्रवाई करेगी।