प्रदेश में सिंगल-यूज़ प्लास्टिक एवं प्रतिबंधित पॉलीथिन के खिलाफ चल रहे विशेष अभियान “अभियान 7.0” के तहत नगर निगम की सख्त कार्रवाई जारी है। शासन के निर्देशानुसार यह अभियान 24 नवंबर से 31 दिसंबर 2025 तक संचालित किया जा रहा है, जिसका उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता और प्लास्टिक-मुक्त जीवनशैली को बढ़ावा देना है।
नगर आयुक्त महोदय के निर्देश पर प्रतिबंधित प्लास्टिक के उपयोग, भंडारण और विक्रय के विरुद्ध निरंतर छापेमारी और दंडात्मक कार्रवाई की जा रही है। साथ ही नागरिकों को पर्यावरण-अनुकूल विकल्प अपनाने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।
अभियान को और गति देने के लिए सहायक नगर आयुक्त श्रीमती कल्पना सिंह चौहान के नेतृत्व में सभी जोनों में सफाई निरीक्षकों व ईटीएफ टीमों ने सघन निरीक्षण किए। टीमों ने विभिन्न बाजारों में छापेमारी कर प्रतिबंधित प्लास्टिक मिलने पर तत्काल कार्रवाई की।
अभियान के दौरान— >प्रतिबंधित प्लास्टिक उपयोग/भंडारण पर ₹15,000 का जुर्माना वसूला गया।
> करीब 5 किलो प्रतिबंधित प्लास्टिक जब्त की गई।
> व्यापारियों व नागरिकों को पर्यावरण-अनुकूल बैग अपनाने के लिए जागरूक किया गया।
सहायक नगर आयुक्त ने नागरिकों से अपील की है कि वे सिंगल-यूज़ प्लास्टिक का उपयोग, भंडारण या विक्रय न करें और नगर को स्वच्छ व प्लास्टिक-मुक्त बनाने में सहयोग दें।