Tuesday, March 31, 2026

Mathura News: 260 जोड़े विवाह बंधन में बंधे, माननीयों और अफसरों ने दिया आशीर्वाद

लेखक: Jagran Today | Category: उत्तर प्रदेश | Published: November 23, 2025

Mathura News: 260 जोड़े विवाह बंधन में बंधे, माननीयों और अफसरों ने दिया आशीर्वाद

जागरण टुडे, मथुरा

जनपद मथुरा में मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत रविवार को भव्य समारोह के बीच 260 जोड़ों का सामूहिक विवाह सम्पन्न हुआ। समारोह  में उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष बबीता सिंह चौहान, महापौर विनोद कुमार अग्रवाल, बल्देव विधायक पूरन प्रकाश और जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह सहित कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे। सभी अतिथियों ने नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वाद देते हुए उनके सुखमय भविष्य की कामना की।


जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह ने बताया कि मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना गरीब एवं आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों की बेटियों के विवाह में सहयोग प्रदान करने वाली अत्यंत महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने जनपदवासियों से अपील की कि अधिक से अधिक परिवार इस योजना का लाभ लेने के लिए आवेदन करें।

यह भी पढ़ें: मौलाना तौकीर के करीबी आरिफ का तीन मंजिला शोरूम जमींदोज

योजना के तहत सरकार सामूहिक विवाह आयोजन कर आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों की बेटियों, विधवा और तलाकशुदा महिलाओं के विवाह में सहायता करती है। पात्रता के अनुसार लड़की की आयु कम से कम 18 वर्ष और लड़के की 21 वर्ष होना आवश्यक है। साथ ही परिवार की वार्षिक आय 3 लाख रुपये से अधिक नहीं होनी चाहिए तथा वधू उत्तर प्रदेश की निवासी होनी चाहिए। विवाह तय होना चाहिए और लड़की का पूर्व में विवाह न हुआ हो। विधवा एवं तलाकशुदा महिलाएं भी इस योजना के लिए पात्र हैं।

यह भी पढ़ें: निरीक्षण के दौरान दो डॉक्टर अनुपस्थित मिले, सीएमओ ने वेतन रोका

योजना के अंतर्गत प्रति जोड़ा 1,00,000 रुपये का लाभ दिया जाता है, जिसमें 60,000 रुपये सीधे वधू के खाते में भेजे जाते हैं। 25,000 रुपये गृहस्थी का सामान उपलब्ध कराने पर व्यय होते हैं, जबकि 15,000 रुपये विवाह आयोजन पर खर्च किए जाते हैं। योजना का उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों की सहायता करना और सामूहिक विवाह परंपरा को बढ़ावा देना है।

कार्यक्रम में परम पूज्य राधा माधव देव, मोहिनी शरण, ज्ञानेश गोड, बलराम बाबा, आदित्यानंद, ध्यान मूर्ति मां, हरिओम के अलावा जिला समाज कल्याण अधिकारी नगेंद्र पाल सिंह, जिला विकास अधिकारी गरिमा खरे, परियोजना निदेशक डीआरडीए अरुण कुमार उपाध्याय, जिला प्रोबेशन अधिकारी विकास चंद्र और सभी खंड विकास अधिकारी उपस्थित रहे।

No ads available.

Get In Touch

BDA COLONY HARUNAGLA, BISALPUR ROAD BAREILLY

+91 7017029201

sanjaysrivastav1972@gmail.com

Follow Us

© 2026 Jagran Today. All Rights Reserved.