जनपद बरेली के थाना सीबीगंज क्षेत्र के नदोसी गांव में मंगलवार देर शाम पुरानी रंजिश के चलते दो परिवारों के बीच खूनी संघर्ष हो गया। मामूली कहासुनी इतनी बढ़ गई कि देखते ही देखते लाठी-डंडे और धारदार हथियार चलने लगे। हमले में दो सगे-तहेरे भाई गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
जानकारी के मुताबिक, नदोसी निवासी बाबूराम और रामकिशोर मंगलवार देर शाम गांव के बाहर श्मशान भूमि के पास बैठे थे। इसी दौरान गांव के ही जीतू, अरविंद, कल्लू, शिवम, अमन और एक अज्ञात युवक वहां पहुंचे। पुरानी रंजिश के चलते दोनों पक्षों में कहासुनी शुरू हो गई, जो देखते-देखते हिंसक झड़प में बदल गई। आरोप है कि आरोपियों ने लाठी-डंडों और धारदार हथियारों से दोनों पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया।
गांव वालों ने किसी तरह बीचबचाव कर मामला शांत कराया, लेकिन आरोपी जाते-जाते जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गए। पीड़ित नेपाल कश्यप ने बताया कि उन्होंने परसाखेड़ा चौकी में तहरीर दी है, लेकिन चौकी प्रभारी आरोपी पक्ष के जाति विशेष से होने के कारण निष्पक्ष कार्रवाई नहीं कर रहे। पीड़ित पक्ष ने आरोप लगाया है कि पुलिस जानबूझकर मामले को कमजोर करने की कोशिश कर रही है।
पुलिस ने फिलहाल मामला दर्ज कर दोनों घायलों का मेडिकल कराया है। अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी। वहीं गांव में तनाव का माहौल बना हुआ है। ग्रामीणों का कहना है कि अगर समय रहते पुलिस ने ठोस कदम नहीं उठाए, तो स्थिति और बिगड़ सकती है।