सनातन धर्म की ध्वजा को लेकर पूरे विश्व में करोड़ों लोगों के जीवन को भक्ति, संस्कृति और संस्कारों से जोड़ने वाले प्रख्यात कथा वाचक अनिरुद्धाचार्य से बुधवार को बरखेड़ा विधायक स्वामी प्रवक्तानंद ने वृंदावन स्थित गौरीगोपाल आश्रम में भेंट की।
यह मुलाकात केवल औपचारिकता नहीं रही, बल्कि धर्म और संस्कृति के संरक्षण पर गहन विमर्श का अवसर बनी। अनिरुद्धाचार्य ने महामंडलेश्वर बनने पर स्वामी प्रवक्तानंद को शुभकामनाएं दीं और सनातन धर्म के विस्तार में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। आश्रम में निवास कर रहीं साध्वी माताओं से विधायक ने कुशलक्षेम पूछी और उनकी तपस्या एवं सेवाभाव की सराहना की। वहीं, आश्रम में उपस्थित भक्तजनों को प्रसाद स्वरूप भोजन वितरण किया।
चर्चा के दौरान भारतीय संस्कृति और परंपराओं की रक्षा, युवाओं को धर्म से जोड़ने और समाज में एकता बनाए रखने जैसे विषय प्रमुख रहे। अनिरुद्धाचार्य ने कहा कि सनातन धर्म केवल पूजा-पाठ तक सीमित नहीं है, बल्कि यह जीवन जीने की एक संपूर्ण पद्धति है, जो मानवता को शांति और मार्ग दर्शन प्रदान करती है। यह भेंट पीलीभीत के लिए मानी जा रही है। एक ओर विधायक एवं महामंडलेश्वर स्वामी प्रवक्तानंद ने जिले का प्रतिनिधित्व कर धार्मिक संवाद को सशक्त बनाया, वहीं दूसरी ओर अनिरुद्धाचार्य जैसे आध्यात्मिक आचार्य का मार्गदर्शन जनमानस तक पहुंचने का माध्यम बना।