Tuesday, March 31, 2026

Bareilly News: स्वस्थ नारी, सशक्त परिवार अभियान शुरू, बरेली में 17 सितंबर से लगेगा स्वास्थ्य मेला

लेखक: | Category: उत्तर प्रदेश | Published: September 15, 2025

Bareilly News:  स्वस्थ नारी, सशक्त परिवार अभियान शुरू, बरेली में 17 सितंबर से लगेगा स्वास्थ्य मेला

जिलाधिकारी अविनाश सिंह की अध्यक्षता में सोमवार को जीआईसी ऑडिटोरियम में “स्वस्थ नारी, सशक्त परिवार अभियान” के तहत स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों की बैठक हुई। बैठक का उद्देश्य विभागीय अमले को सक्रिय कर अभियान को जन-जन तक पहुंचाना था।

बैठक में डीएम अविनाश ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस 17 सितंबर से 2 अक्टूबर तक सेवा पखवाड़ा मनाया जाएगा। इस दौरान जिले के कुल 488 स्वास्थ्य केंद्रों पर स्वास्थ्य मेले आयोजित होंगे। उन्होंने कहा कि यह आयोजन सर्वजन हिताय के उद्देश्य से होगा। साथ ही प्राइवेट मेडिकल कॉलेजों और अस्पतालों से जरूरतमंदों को निःशुल्क इलाज करने की अपील की गई है। 

मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. विश्राम सिंह ने बताया कि बरेली जिले के 16 सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, 26 नगरीय प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, 355 आयुष्मान आरोग्य मंदिर और 36 शहरी आरोग्य मंदिरों में प्रतिदिन स्वास्थ्य शिविर लगेंगे।

इन शिविरों में महिलाओं के लिए गैर-संचारी रोगों (जैसे उच्च रक्तचाप, मधुमेह, मुख कैंसर, स्तन और गर्भाशय ग्रीवा कैंसर) की जांच की जाएगी। क्षय रोग की जांच कर संवेदनशील महिलाओं को निःक्षय मित्र योजना से जोड़ा जाएगा। किशोरियों और महिलाओं में एनीमिया और सिकल सेल रोग की स्क्रीनिंग भी होगी।

गर्भवती महिलाओं के लिए प्रसव पूर्व जांच, हीमोग्लोबिन टेस्ट, पोषण परामर्श और मदर एंड चाइल्ड प्रोटेक्शन (MCP) कार्ड का वितरण किया जाएगा। बच्चों और गर्भवती महिलाओं के लिए निःशुल्क टीकाकरण सेवाएं भी मिलेंगी।

इसके अलावा मासिक धर्म स्वच्छता, पोषण, मानसिक स्वास्थ्य और संतुलित आहार पर जन-जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। महिलाओं के लिए विशेष परामर्श सेवाएं, पोषण आहार वितरण, अन्नप्राशन और आहार संबंधी सुझाव भी दिए जाएंगे।

17 सितंबर और 1 अक्टूबर को जिला चिकित्सालय में रक्तदान शिविर लगाए जाएंगे। प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना (PM-JAY) के तहत लाभार्थियों का पंजीकरण, ई-कार्ड और आयुष्मान भारत स्वास्थ्य खाता (ABHA)कार्ड का वितरण भी किया जाएगा।

बैठक में अपर मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. राकेश कुमार, डॉ. अमित कुमार, डॉ. लईक अहमद अंसारी, वरिष्ठ चिकित्साधिकारी डॉ. अजमेर सिंह, टीएसयू अरुण पांडेय, जिला पंचायत राज अधिकारी, जिला कार्यक्रम अधिकारी और जिला सूचना अधिकारी मौजूद रहे। 

No ads available.

Get In Touch

BDA COLONY HARUNAGLA, BISALPUR ROAD BAREILLY

+91 7017029201

sanjaysrivastav1972@gmail.com

Follow Us

© 2026 Jagran Today. All Rights Reserved.