जागरण टुडे ,बदायूँ वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. बृजेश कुमार सिंह की अध्यक्षता में थाना दिवस/समाधान दिवस का आयोजन किया गया। इस अवसर पर कई शिकायतकर्ता अपनी समस्याएं लेकर थाना पहुंचे, जहां उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुना गया। डॉ. सिंह ने संबंधित अधिकारियों को निष्पक्ष जांच कर त्वरित एवं विधिक निस्तारण के निर्देश दिए।
महोदय ने थाना दिवस रजिस्टर का अवलोकन कर अद्यावधिक करने हेतु संबंधित अधिकारियों को दिशा-निर्देश दिए। तत्पश्चात उन्होंने थाना कुंवरगांव का व्यापक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान थाना कार्यालय, हवालात, मालखाना, बैरक, महिला हेल्प डेस्क, सीसीटीएनएस कक्ष और मैस का गहन निरीक्षण किया गया। महोदय ने समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने हेतु आवश्यक निर्देश भी दिए।
थाना दिवस के आयोजन में प्रभारी निरीक्षक श्री वेदपाल सिंह सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारीगण उपस्थित रहे।
इसी क्रम में अपर पुलिस अधीक्षक नगर श्री विजेन्द्र द्विवेदी ने थाना उझानी पर तथा अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण डॉ. हृदेश कठेरिया ने थाना फैजगंज बेहटा पर समाधान दिवस की अध्यक्षता की। दोनों अधिकारियों ने उपस्थित शिकायतकर्ताओं की समस्याएं सुनीं और अधिकतर मामलों का मौके पर समाधान कराया। साथ ही, संबंधित अधिकारियों को गुणवत्तापूर्ण व प्रभावी कार्यवाही के निर्देश दिए गए।
थाना दिवस का उद्देश्य जन समस्याओं का त्वरित समाधान कर जनता और पुलिस के बीच विश्वास की भावना को मजबूत करना है। ऐसे आयोजन जनता के साथ संवाद और पारदर्शिता बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम हैं।