जनपद बरेली की कोतवाली पुलिस ने मध्यप्रदेश में बैठ कर सोशल मीडिया पर फर्जी वीडियो और भड़काऊ पोस्ट कर माहौल खराब करने की कोशिश करने वाले आरोपी हैदरी दल के सरगना ग्राम अवाजीपुर थाना चांदपुर फतेहपुर निवासी अकबर अली को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को गुरुवार को कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया गया। इससे पहले भी पुलिस इस गिरोह के कई सदस्यों को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है।
एसपी सिटी मानुष पारिक ने बताया कि अकबर अली सोशल मीडिया पर हैदरी दल के नाम से कई अकाउंट्स बना कर लोगों की धार्मिक भावनाओं को भड़काने, फेक न्यूज फैलाना, महिलाओं के लिए आपत्तिजनक पोस्ट करने जैसे काम करता था। आरोपी के सोशल मीडया पर लाखों में फॉलोवर हैं। हैदरी दल का सरगना अकबर अली लंबे समय से फरार चल रहा था। इसकी तलाश कोतवाली पुलिस कर रही थी। आरोपी को बुधवार की रात में कोतवाली थाना क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया था। इसे गुरुवार को कोर्ट में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया।
उन्होंने बताया कि बीती तीन सितंबर को थाना कोतवाली में हैदरी दल के सदस्यों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज किया गया। हैदरी दल के ऑफिशियल खातों को ट्रेस किया गया तो मध्यप्रदेश के छिंदवाड़ा से संचालित किया जा रहा था। अकबर मूल रूप से ग्राम अवाजीपुर पोस्ट रिठवा थाना चांदपुर जनपद फतेहपुर का निवासी है। जो मौजूदा समय में पटेल कालोनी थाना सौसर मध्य प्रदेश में रहता है। उसके पिता कपड़े की दुकान चलाते हैं।
एसपी सिटी, मानुष पारीक के अनुसार हैदरी दल के सरगना अकबर को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया गया। जहां से उसे जेल भेज दिया गया। आरोपी नेटवर्क बढ़ाने की फिराक में था। पुलिस ने इसकी गतिविधियों को ट्रैक किया और पुख्ता सुबूत मिलने पर इसे गिरफ्तार किया गया। गिरोह में और कौन लोग शामिल हैं।