Tuesday, March 31, 2026

वृंदावन: क्षेत्रीय बॉक्सिंग एवं कराटे प्रतियोगिता के दूसरे दिन खिलाड़ियों का शानदार प्रदर्शन

लेखक: Jagran Today | Category: उत्तर प्रदेश | Published: September 9, 2025

वृंदावन: क्षेत्रीय बॉक्सिंग एवं कराटे प्रतियोगिता के दूसरे दिन खिलाड़ियों का शानदार प्रदर्शन

जागरण टुडे,  वृंदावन

 गोशाला नगर स्थित परमेश्वरी देवी धानुका सरस्वती विद्या मंदिर में विद्या भारती अखिल भारतीय शिक्षा संस्थान, पश्चिमी उत्तर प्रदेश क्षेत्र द्वारा आयोजित 37वीं क्षेत्रीय बॉक्सिंग एवं कराटे प्रतियोगिता सोमवार की देर शाम धूमधाम से शुरू हुई। तीन दिवसीय इस आयोजन में ब्रज प्रांत, मेरठ और उत्तराखंड के 40 विद्यालयों के 450 से अधिक खिलाड़ी और प्रशिक्षक हिस्सा ले रहे हैं।

मुख्य अतिथि विधायक श्रीकांत शर्मा ने ब्रज भाषा में छात्रों को संबोधित करते हुए उन्हें खेलों में अनुशासन और समर्पण की सीख दी। उन्होंने कहा कि इन्हीं खिलाड़ियों में से भविष्य में प्रदेश और राष्ट्रीय स्तर की खेल प्रतिभाएं विकसित होंगी। विशिष्ट अतिथि जीएलए विश्वविद्यालय के कुलपति अनूप कुमार गुप्ता ने कहा कि खेल, संगीत और साहित्य जैसे व्यावहारिक घटक छात्रों के जीवन को नई दिशा देते हैं और उनके मन, शरीर व बुद्धि का समग्र विकास करते हैं।

समारोह का शुभारंभ मां शारदे की पूजा-अर्चना और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के साथ हुआ। विद्यालय की छात्राओं ने ओडिसी नृत्य, भरतनाट्यम और ब्रज लोकनृत्य प्रस्तुत कर दर्शकों का मन मोह लिया।
प्रतियोगिता का उद्घाटन ट्रॉफी अनावरण, बॉक्सिंग ग्लव्स व गियर वितरण और शपथ ग्रहण समारोह के साथ हुआ।

प्रतियोगिता के दूसरे दिन विभिन्न विद्यालयों से आए बालक-बालिकाओं ने अंडर-17 और अंडर-19 वर्गों में शानदार प्रदर्शन किया। उत्तराखंड, ब्रज प्रांत और मेरठ प्रांत के खिलाड़ियों ने दमदार खेल दिखाकर दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया। देर रात तक मुकाबले जारी रहे।

इस अवसर पर जिला कमांडेंट डॉ. शैलेन्द्र प्रताप सिंह, पंजाब नैशनल बैंक से वरिष्ठ शाखा प्रबंधक अभय मिश्रा, समेत कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।
कार्यक्रम का संचालन आचार्य राहुल शर्मा और आचार्या श्वेता सिंह ने किया, जबकि विद्यालय के प्रबंधक शिवेंद्र गौतम ने धन्यवाद ज्ञापन दिया।

No ads available.

Get In Touch

BDA COLONY HARUNAGLA, BISALPUR ROAD BAREILLY

+91 7017029201

sanjaysrivastav1972@gmail.com

Follow Us

© 2026 Jagran Today. All Rights Reserved.