सेमीकॉन इंडिया-2025 सम्मेलन में बोले प्रधानमंत्री, 18 अरब डॉलर से अधिक की 10 सेमीकंडक्टर
नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने मंगलवार को कहा कि भारत अब सेमीकंडक्टर मिशन के अगले चरण की ओर अग्रसर है। उन्होंने बताया कि देश में 18 अरब डॉलर से अधिक की 10 सेमीकंडक्टर परियोजनाएं चल रही हैं और सरकार चिप निर्माण से जुड़ी प्रोत्साहन (डीएलआई) योजना के अगले चरण पर काम कर रही है।
मोदी ने सेमीकॉन इंडिया-2025 सम्मेलन के उद्घाटन पर कहा कि भारत में बनी छोटी चिप दुनिया में बड़ा बदलाव लाएगी। उन्होंने इसे “डिजिटल हीरा” बताते हुए कहा कि जैसे तेल ने पिछली सदी को आकार दिया, वैसे ही 21वीं सदी की ताकत छोटी चिप में केंद्रित है।
प्रधानमंत्री ने बताया कि वैश्विक सेमीकंडक्टर बाजार पहले ही 600 अरब डॉलर का हो चुका है और जल्द ही यह 1,000 अरब डॉलर पार करेगा। भारत इस बाजार में बड़ी हिस्सेदारी लेने को तैयार है। उन्होंने कहा कि डिजाइन तैयार है, मास्क तैयार है, अब बड़े पैमाने पर सटीक क्रियान्वयन और आपूर्ति का समय है।
आर्थिक मोर्चे पर प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत ने पहली तिमाही में 7.8% की जीडीपी वृद्धि दर्ज की है। यह प्रदर्शन वैश्विक अनिश्चितताओं और आर्थिक स्वार्थ से उपजी चुनौतियों के बावजूद सभी अनुमानों से बेहतर रहा है। उन्होंने जोर देकर कहा कि भारत की यह गति उसे दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था की ओर तेजी से ले जा रही है।