मथुरा। राष्ट्रीय खेल दिवस के उपलक्ष्य में आगरा मंडल में खेलों का उत्साह चरम पर है। मंडल रेल प्रबंधक गगन गोयल के मार्गदर्शन में क्रिकेट, बैडमिंटन, चेस और ट्रैक एंड फील्ड सहित विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जा रहा है। इन प्रतियोगिताओं में रेलवे के कर्मचारी बढ़-चढ़कर हिस्सा ले रहे हैं, और खेल भावना के साथ उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रहे हैं।
खेल दिवस समारोह के अंतर्गत न केवल प्रतियोगिताएं आयोजित की जा रही हैं, बल्कि पिछले एक वर्ष में उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल करने वाले खिलाड़ियों को भी सम्मानित किया जा रहा है। उत्तर मध्य रेलवे मुख्यालय में आयोजित विशेष कार्यक्रम में महाप्रबंधक उत्तर मध्य रेलवे उपेंद्र चंद्र जोशी ने उत्कृष्ट खिलाड़ियों को सम्मानित किया। सम्मान पाने वालों में पूनम यादव, श्वेता माने, राहुल शर्मा, संजय कुमार और जितेंद्र कुमार शामिल रहे।
सम्मानित खिलाड़ियों ने कहा कि रेलवे प्रशासन द्वारा समय-समय पर प्रोत्साहन मिलने से मनोबल बढ़ता है और खेलों में बेहतर प्रदर्शन करने की प्रेरणा मिलती है। आयोजन समिति का कहना है कि इस प्रकार के कार्यक्रमों से कर्मचारियों में टीम भावना, शारीरिक सुदृढ़ता और कार्य क्षमता का विकास होता है।
इस अवसर पर मंडल खेलकूद अधिकारी सनत जैन, सहायक मंडल खेलकूद अधिकारी अनादि मित्तल, सहायक मंडल कार्मिक अधिकारी दिनेश श्रीवास्तव, मंडल सचिव खेलकूद धीरज शर्मा सहित कई अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे। समारोह में प्रणव, नितिन सिंह, नीरज नारकोटि, राकेश अग्रवाल, मृदुलता, रवि कुमार, अजीत सिंह और शाहिद अंसारी सहित अन्य रेलकर्मी भी शामिल हुए।
राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर आयोजित इन कार्यक्रमों ने न केवल कर्मचारियों में खेलों के प्रति उत्साह जगाया है बल्कि उन्हें स्वस्थ और ऊर्जावान जीवन की दिशा में भी प्रेरित किया है। रेलवे प्रशासन का उद्देश्य है कि इस प्रकार की गतिविधियों के माध्यम से कर्मचारी कार्यक्षेत्र के साथ-साथ खेलों में भी उत्कृष्टता प्राप्त करें।