Tuesday, March 31, 2026

अभिनेत्री दिशा पाटनी की बहन खुशबू को मिली बच्ची बदायूं की निकली बच्ची, मां दूध लेने गई, नशेड़ी ने बच्ची को खंडहर में फेंक दिया

लेखक: Sanjay Srivastav | Category: उत्तर प्रदेश | Published: April 21, 2025

अभिनेत्री दिशा पाटनी की बहन खुशबू को मिली बच्ची बदायूं की निकली बच्ची, मां दूध लेने गई, नशेड़ी ने बच्ची को खंडहर में फेंक दिया
बरेली। अभिनेत्री दिशा पाटनी की बहन खुशबू पाटनी को खंडहर में मिली बच्ची बदायूं के बिनावर की निकली। बरेली जंक्शन पर बच्ची के लिए मां दुकान से दूध लेने चली गई। वह बच्ची को एक नशेड़ी के लिए थमा गई। नशेड़ी ने बच्ची को ले जाकर पीछे खंडहर में फेंक दिया। सीओ सिटी प्रथम पंकज श्रीवास्तव के निर्देश पर कोतवाली पुलिस ने दिनभर मशक्कत के बाद बच्ची को उसकी मां से मिला दिया। बच्ची को पाकर मां की आंखों से खुशी के आंसू निकल आए।

बच्ची को लेकर अपने मायके बिहार जा रही थी महिला

बिहार के मधुबनी जिला की रहने वाली गुफरान की शादी यूपी के बदायूं जिले के बिनावर थाना क्षेत्र के गांव अहिरवारा में हुई है। पुलिस के मुताबिक गुफरान रविवार सुबह आठ माह की बच्ची इनायत को साथ लेकर बिहार जाने के लिए ट्रेन से सुबह करीब सात बजे बरेली जंक्शन पहुंची। यहां से उसे दूसरी ट्रेन में बिहार जाना था। बरेली जंक्शन रेलवे स्टेशन पर बच्ची को भूख लगी तो गुफरान ने उसे प्लेटफार्म पर बैठे एक नशेड़ी युवक को थमा दिया और दूध लेकर आने की बात कहकर चली गईं। बताते हैं कि करीब आधा घंटे तक नशेड़ी बच्ची को लेकर बैठा रहा, लेकिन तब तक महिला नहीं लौटी। नशेड़ी युवक बच्ची को लेकर जंक्शन से चला गया और चौपुला के पास पुरानी पुलिस लाइन के खंडहर पड़े क्वार्टर में छोड़कर चला गया।

खंडहर में बच्ची के रोने की आवाज सुनी तो पहुंचीं खुशबू पाटनी

बरेली पुलिस से रिटायर्ड सीओ जगदीश पाटनी (अभिनेत्री दिशा पाटनी के पिता) का आवास पुरानी पुलिस लाइन की दीवार से सटा है। रविवार सुबह उनकी पत्नी पदमा पाटनी घर की सफाई कर रही थीं। उन्होंने बच्ची के रोने की आवाज सुनी तो स्वीमिंग से लौटी बेटी खुशबू पाटनी को बताया। सेना में मेजर के पद से वीआरएस लेकर करीब साल भर से माता-पिता के साथ रह रहीं खुशबू तत्काल दीवार लांघ कर उस पार गईं तो खंडहर में बच्ची रोती मिली। 

बच्ची को नए कपड़े पहनाए, अच्छे से देखभाल की

खंडहर में मिलने के समय बच्ची मिट्टी में सनी हुई थी। खुशबू उसे गोद में उठाकर अपने घर ले गईं। फिर उसे नहलाया साफ किया, दूध पिलाया और नए कपड़े पहनाए। खुशबू को फोन करने पर उनके पिता जगदीश पाटनी भी फार्म हाउस से घर पहुंच गए। उन्होंने सीओ प्रथम पंकज श्रीवास्तव को सूचना दी। इसके बाद बच्ची को चाइल्ड लाइन की देखरेख में जिला अस्पताल के बच्चा वार्ड में भर्ती करा दिया गया। सीओ सिटी के निर्देश पर कोतवाली पुलिस ने बच्ची के बारे में माइक से एनाउंस किया। इससे पहले खुशबू ने बाजार जाकर कुछ कपड़े खरीदे जो बच्ची को पहना दिए।

दिनभर बच्ची की मां को तलाशती रही पुलिस 

बच्ची के अस्पताल में भर्ती होने के बाद कोतवाली पुलिस ने आसपास के सीसीटीवी कैमरे खंगालने शुरू किए। उधर, बच्ची की मां गुफरान बेटी की तलाश में जंक्शन पर भटकती रहीं। जीआरपी और आरपीएफ को जाकर बताया। कुछ पता नहीं चला तो थक हारकर महिला कोतवाली पहुंची। उसे बच्ची दिखाकर पहचान कराई गई। गुफरान बच्ची को पाकर खुशी से रोने लगी। चाइल्ड लाइन की ओर से बच्ची विधिवत मां को सौंपने के प्रयास शुरू हो गए।

बच्ची पूरी तरह स्वस्थ्य

जिला अस्पताल के बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. संदीप गुप्ता ने बताया कि बच्ची जिला अस्पताल में आई थी। उसका चेकअप किया गया। बच्ची पूरी तरह स्वस्थ है। कोई खास चोट नहीं थी। इलाज के बाद चाइल्ड लाइन की टीम बच्ची को अपने साथ ले गई। 

बच्ची को मां के सुपुर्द कर दिया

सीओ सिटी प्रथम पंकज श्रीवास्तव ने बताया कि लावारिस मिली बच्ची को उसकी मां के सुपुर्द कर दिया गया। वह जंक्शन पर उसे अपरिचित युवक को देकर चली गई थी। चाइल्ड लाइन के जरिए उसे मां को सौंप दिया गया। बच्ची की हालत बिल्कुल ठीक है। स्थानीय लोगों की सजगता की वजह से बच्ची को मां से मिलाना आसान हुआ।

No ads available.

Get In Touch

BDA COLONY HARUNAGLA, BISALPUR ROAD BAREILLY

+91 7017029201

sanjaysrivastav1972@gmail.com

Follow Us

© 2026 Jagran Today. All Rights Reserved.