मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के प्रस्तावित दौरे को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह सक्रिय हो गया है। मुख्यमंत्री की समीक्षा बैठक से पहले रविवार को जिलाधिकारी अविनाश सिंह ने कार्यक्रम स्थलों का निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया और अधिकारियों को सभी व्यवस्थाएं समय से पूर्ण करने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री के दौरे को केवल प्रशासनिक समीक्षा तक सीमित नहीं माना जा रहा, बल्कि इसे जिले की भावी विकास योजनाओं की दिशा तय करने वाला महत्वपूर्ण अवसर माना जा रहा है।
जिलाधिकारी ने जीआईसी परिसर स्थित नगर निगम के पंडित राधेश्याम कथावाचक ऑडिटोरियम पहुंचकर बैठक व्यवस्था, सुरक्षा, साफ-सफाई, विद्युत आपूर्ति, पेयजल, पार्किंग और अन्य व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से तैयारियों की प्रगति की जानकारी ली और स्पष्ट निर्देश दिए कि किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री का कार्यक्रम पूरी तरह सुरक्षित, सुव्यवस्थित और गरिमामय ढंग से संपन्न होना चाहिए, जिसके लिए सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करना होगा।
निरीक्षण के दौरान अपर जिलाधिकारी (नगर) अविनाश त्रिपाठी, नगर आयुक्त संजीव कुमार मौर्य समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों को समयबद्ध ढंग से सभी व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
मुख्यमंत्री की समीक्षा बैठक को लेकर बरेली विकास प्राधिकरण (बीडीए) और नगर निगम ने भी अपनी प्रस्तुतियों को अंतिम रूप देना शुरू कर दिया है। हालांकि मुख्यमंत्री के मिनट-टू-मिनट कार्यक्रम में किसी नई परियोजना के लोकार्पण या शिलान्यास का कार्यक्रम प्रस्तावित नहीं है, फिर भी विकास योजनाओं की समीक्षा को लेकर अधिकारियों में विशेष सक्रियता दिखाई दे रही है।
बीडीए अपनी महत्वाकांक्षी परियोजनाओं को मुख्यमंत्री के समक्ष प्रस्तुत करेगा। इनमें रामायण वाटिका, साइंस पार्क, रुद्र वनम पार्क, प्रस्तावित औद्योगिक टाउनशिप, महादेवपुरम आवासीय योजना, ग्रेटर बरेली आवासीय योजना तथा प्रधानमंत्री आवास योजना की विभिन्न परियोजनाएं शामिल हैं। इसके अतिरिक्त दो नई टाउनशिप विकसित करने की योजना और शहर के विस्तार से जुड़ी परियोजनाओं का भी विस्तृत खाका प्रस्तुत किया जाएगा। अधिकारियों का मानना है कि मुख्यमंत्री की सहमति और मार्गदर्शन मिलने पर इन योजनाओं को गति मिल सकती है।
वहीं नगर निगम शहर की स्वच्छता, कूड़ा निस्तारण और शहरी सुविधाओं से जुड़ी योजनाओं का रिपोर्ट कार्ड पेश करेगा। सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट प्लांट, डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण, नालों की सफाई, प्रमुख चौराहों और सड़कों के सौंदर्यीकरण तथा हरित विकास से जुड़े कार्यों की प्रगति मुख्यमंत्री के समक्ष रखी जाएगी। साथ ही शहर को स्वच्छ और व्यवस्थित बनाने के लिए चल रहे अभियानों तथा भविष्य की योजनाओं की जानकारी भी दी जाएगी।
प्रशासनिक अधिकारियों का मानना है कि मुख्यमंत्री की समीक्षा बैठक केवल वर्तमान कार्यों के मूल्यांकन तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि भविष्य की विकास परियोजनाओं के लिए भी दिशा तय करेगी। विशेष रूप से औद्योगिक विकास, शहरी बुनियादी ढांचे के विस्तार, ड्रैनेज सिस्टम और स्मार्ट सिटी जैसी अवधारणाओं से जुड़ी योजनाओं पर महत्वपूर्ण निर्णय लिए जा सकते हैं। प्रस्तावित औद्योगिक टाउनशिप को लेकर भी सभी विभागों की नजरें मुख्यमंत्री की समीक्षा पर टिकी हैं, क्योंकि इससे निवेश और रोजगार के नए अवसर सृजित होने की उम्मीद है।
उधर मुख्यमंत्री के चेंजओवर कार्यक्रम को लेकर सुरक्षा व्यवस्था भी कड़ी कर दी गई है। एयरपोर्ट परिसर और आसपास के क्षेत्रों में व्यापक सुरक्षा प्रबंध किए गए हैं। एसपी ट्रैफिक अजमल खान के अनुसार सुरक्षा व्यवस्था में दो अपर पुलिस अधीक्षक, पांच क्षेत्राधिकारी, 11 निरीक्षक तथा लगभग 450 पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। संवेदनशील स्थलों पर अतिरिक्त पुलिस बल लगाया जाएगा तथा यातायात व्यवस्था को भी सुचारु रखने के लिए विशेष प्रबंध किए गए हैं।