मथुरा में अधिकमास/पुरुषोत्तम मास के दौरान श्रद्धालुओं को शुद्ध और गुणवत्तापूर्ण खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने के लिए खाद्य सुरक्षा विभाग ने विशेष अभियान चलाया। जिलाधिकारी के निर्देश पर सहायक आयुक्त (खाद्य) धीरेन्द्र प्रताप सिंह के नेतृत्व में 5 जून से 8 जून तक गोवर्धन, बरसाना, सौंख और वृंदावन में सघन चेकिंग की गई।
इन खाद्य पदार्थों के लिए गए नमूने
अभियान के तहत खाद्य सुरक्षा अधिकारी मोहर सिंह कुशवाह ने 5 से 7 जून के बीच गोवर्धन, बरसाना और सौंख क्षेत्र से कुल 10 नमूने संग्रहित किए। इनमें दो नमूने आइसक्रीम, दो मिश्रित दूध, तीन पनीर, एक पेड़ा, एक बर्फी और एक रबड़ी के शामिल हैं।
वृंदावन में भी हुई जांच
8 जून को वृंदावन स्थित शर्मा आइसक्रीम प्रतिष्ठान पर खाद्य सुरक्षा अधिकारियों धर्मेंद्र सिंह, राम नरेश, रीना शर्मा और अरुण कुमार की टीम ने छापेमारी कर चार नमूने लिए। इनमें स्ट्रॉबेरी फ्रोजन डेजर्ट, रबड़ी कुल्फी, आइसक्रीम और मीडियम फैट फ्रोजन डेजर्ट शामिल हैं।
जांच क लिए भेजे गए नमूने
सभी 15 नमूनों को जांच के लिए खाद्य प्रयोगशाला भेज दिया गया है। विभागीय अधिकारियों ने बताया कि रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद मिलावट या गुणवत्ता में कमी पाए जाने पर संबंधित प्रतिष्ठानों के खिलाफ खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत विधिक कार्रवाई की जाएगी।
जारी रहेगा चेकिंग अभियान
अधिकमास में मथुरा-वृंदावन में लाखों श्रद्धालु पहुंचते हैं। ऐसे में प्रशासन का जोर इस बात पर है कि श्रद्धालुओं को स्वच्छ, सुरक्षित और मानक के अनुरूप खाद्य एवं पेय पदार्थ उपलब्ध हों। खाद्य विभाग का यह अभियान आगे भी जारी रहेगा।