भरतपुर और एटा डिपो की बसों में आमने-सामने टक्कर, कई घायलों की हालत गंभीर; डीएम और एसपी ने अस्पताल पहुंचकर लिया जायजा
गुड्डू यादव, कासगंज।
जागरण टूडे, कासगंज।
जनपद के मथुरा-बरेली हाईवे पर शनिवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो श्रद्धालुओं की मौत हो गई, जबकि 36 यात्री घायल हो गए। हादसा सोरों कोतवाली क्षेत्र में जिलाधिकारी कार्यालय (कलेक्ट्रेट) के सामने उस समय हुआ, जब राजस्थान के भरतपुर डिपो और उत्तर प्रदेश के एटा डिपो की रोडवेज बसों में आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार अधिकांश यात्री गंगा स्नान के लिए सोरों शूकरक्षेत्र आ रहे थे। दुर्घटना इतनी भीषण थी कि बसों के अगले हिस्से बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए और यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों और पुलिस ने तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर घायलों को बाहर निकाला।
हादसे में भरतपुर जिले के बयाना थाना क्षेत्र अंतर्गत फरसो गांव निवासी 80 वर्षीय गिराज पुत्र रामलाल तथा सेवाकुरवारियां निवासी प्रीतम पुत्र प्यारे लाल की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं सपना, गीता, भजनलाल, प्रेमवती और चंद्रकला सहित 36 यात्री घायल हो गए। गंभीर रूप से घायल यात्रियों को पहले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सोरों में भर्ती कराया गया, जहां से उनकी हालत नाजुक होने पर जिला अस्पताल रेफर किया गया। जिला अस्पताल से भी दो गंभीर घायलों को बेहतर उपचार के लिए अलीगढ़ भेजा गया है।
घटना की सूचना मिलते ही जिलाधिकारी प्रणय सिंह और पुलिस अधीक्षक ओ.पी. सिंह जिला अस्पताल पहुंचे। दोनों अधिकारियों ने घायलों का हालचाल जाना और चिकित्सकों को बेहतर उपचार उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। अधिकारियों ने दुर्घटना के कारणों की भी जानकारी ली।
प्रारंभिक जांच में हादसे की वजह भरतपुर डिपो की बस के चालक को नींद का झोंका आना बताई जा रही है। पुलिस ने दोनों मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा मामले की जांच शुरू कर दी है।
हादसे के बाद हाईवे पर कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित रहा, जिसे पुलिस ने सुचारु कराया। घटना से श्रद्धालुओं और उनके परिजनों में शोक का माहौल है।