जागरण टुडे, कासगंज(उदित विजयवर्गीय)
थाना सिढपुरा क्षेत्र के गांव शेखुपुरा में शुक्रवार देर रात तेज हवाओं और मूसलाधार बारिश के बीच एक दर्दनाक हादसा हो गया। मकान का लेंटर भरभराकर गिरने से एक ही परिवार के तीन सदस्यों की मलबे में दबकर मौत हो गई, जबकि तीन बच्चे गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार गांव शेखुपुरा निवासी वीरभान (30) अपने परिवार के साथ घर में सो रहे थे। देर रात तेज आंधी और बारिश के दौरान उनके मकान का एक हिस्सा अचानक ढह गया और लेंटर गिर पड़ा। मलबे के नीचे दबने से वीरभान, उनकी पत्नी नीलम (27) तथा तीन वर्षीय पुत्री काव्या की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
वहीं हादसे में वीरभान की 10 वर्षीय पुत्री काजल, सात वर्षीय पुत्र सूरज और पांच वर्षीय पुत्री किरन गंभीर रूप से घायल हो गए। तेज धमाके और चीख-पुकार सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर दौड़ पड़े और बचाव कार्य में जुट गए।
घटना की सूचना मिलते ही सिढ़पुरा थाना पुलिस, उपजिलाधिकारी प्रदीप विमल एवं क्षेत्राधिकारी अमित कुमार तत्काल मौके पर पहुंच गए। अधिकारियों की निगरानी में बचाव दल ने स्थानीय लोगों की मदद से तुरंत मलबा हटाने का कार्य शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद मलबे में दबे लोगों को बाहर निकाला गया। घायलों को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया, जहां उनकी गंभीर हालत को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया गया।
हादसे की जानकारी मिलने पर पुलिस अधीक्षक ओ.पी. सिंह एवं जिलाधिकारी प्रणय सिंह भी मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्यों का जायजा लिया। अधिकारियों ने पीड़ित परिवार को शासन स्तर से हर संभव सहायता दिलाने का आश्वासन दिया तथा संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।
एक ही परिवार के तीन सदस्यों की असामयिक मौत से पूरे गांव में मातम छा गया। गांव के लोगों की आंखें नम हो गईं और हर कोई इस हृदय विदारक घटना से स्तब्ध नजर आया। स्थानीय प्रशासन द्वारा पीड़ित परिवार को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।