गुड्डू यादव, कासगंज।
जागरण टुडे, कासगंज ।
जनपद में पुलिस ने साइबर अपराध और मोबाइल चोरी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए गुम हुए 70 मोबाइल फोन बरामद कर उनके वास्तविक स्वामियों को वापस सौंप दिए। पुलिस अधीक्षक ओपी सिंह के निर्देशन में चलाए गए विशेष अभियान के तहत साइबर सेल टीम और थाना स्तर पर तैनात साइबर हेल्पडेस्क कर्मियों ने सीईआईआर पोर्टल और आईएमईआई ट्रैकिंग सिस्टम की मदद से यह सफलता हासिल की। बरामद मोबाइल फोन की अनुमानित कीमत करीब 24 लाख रुपये आंकी गई है। अपने खोए हुए मोबाइल वापस मिलने पर लोगों के चेहरों पर खुशी दिखाई दी और उन्होंने पुलिस प्रशासन का आभार जताया।
कासगंज पुलिस लाइन सभागार में आयोजित प्रेसवार्ता के दौरान पुलिस अधीक्षक ओपी सिंह ने बताया कि जिले में लगातार मोबाइल गुम होने की बढ़ती शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए विशेष अभियान चलाया गया था। इस अभियान की निगरानी अपर पुलिस अधीक्षक सुशील कुमार और क्षेत्राधिकारी पटियाली अमित कुमार द्वारा की गई। साइबर सेल टीम और विभिन्न थानों पर नियुक्त साइबर हेल्पडेस्क कर्मियों ने तकनीकी संसाधनों और आधुनिक ट्रैकिंग सिस्टम का उपयोग करते हुए गुम मोबाइलों की लोकेशन ट्रेस की।
पुलिस ने सीईआईआर पोर्टल और आईएमईआई ट्रैकिंग के माध्यम से दिल्ली, हरियाणा, राजस्थान, मध्यप्रदेश और उत्तर प्रदेश के विभिन्न जनपदों से कुल 70 मोबाइल फोन बरामद किए। इसके बाद सभी मोबाइल उनके वास्तविक मालिकों को विधिवत सुपुर्द कर दिए गए। पुलिस की इस कार्रवाई से मोबाइल चोरी और साइबर अपराध पर प्रभावी अंकुश लगाने की दिशा में बड़ी सफलता मानी जा रही है।
पुलिस द्वारा साइबर सेल और साइबर हेल्पडेस्क की मदद से विशेष अभियान चलाया गया। सीईआईआर पोर्टल एवं आईएमईआई ट्रैकिंग के माध्यम से 70 गुम मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं। बरामद मोबाइलों की अनुमानित कीमत लगभग 24 लाख रुपये है। सभी मोबाइल उनके स्वामियों को वापस सौंप दिए गए हैं। आगे भी जनता की समस्याओं के समाधान के लिए इस प्रकार के अभियान जारी रहेंगे।”
मोबाइल वापस मिलने के बाद लोगों ने कासगंज पुलिस की कार्यशैली और सक्रियता की सराहना की। कई लोगों का कहना था कि उन्हें उम्मीद नहीं थी कि उनका खोया हुआ मोबाइल दोबारा मिल सकेगा, लेकिन पुलिस की मेहनत और तकनीकी टीम की तत्परता से यह संभव हो पाया। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि भविष्य में भी साइबर अपराध और मोबाइल चोरी की घटनाओं पर रोक लगाने के लिए लगातार अभियान चलाए जाते रहेंगे।