जागरण टुडे, कासगंज।
उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल के पदाधिकारियों का एक प्रतिनिधिमंडल कासगंज के प्रभारी मंत्री एवं उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री लक्ष्मी नारायण से मिला। इस दौरान व्यापार मंडल के पदाधिकारियों ने उन्हें बुके एवं अंगवस्त्र भेंट कर भव्य स्वागत एवं सम्मान किया।
बैठक के दौरान व्यापारिक एवं जनहित से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई। व्यापार मंडल के पदाधिकारियों ने प्रभारी मंत्री को ज्ञापन सौंपते हुए बताया कि दिनांक 20 अप्रैल 2026 को प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा निर्देश जारी किए गए थे कि जिन क्षेत्रों में सीवर लाइन उपलब्ध नहीं है, वहां सीसी सड़क के स्थान पर इंटरलॉक ईंटों से सड़क निर्माण कराया जाए। व्यापार मंडल ने मांग की कि शासन की मंशा के अनुरूप नगर की गलियों और मोहल्लों में इंटरलॉक सड़कों का निर्माण प्राथमिकता के आधार पर कराया जाए, ताकि आमजन एवं व्यापारियों को बेहतर सुविधाएं मिल सकें।
इस पर प्रभारी मंत्री लक्ष्मी नारायण ने व्यापारियों की मांग को गंभीरता से सुना और आश्वासन दिया कि शासन के दिशा-निर्देशों के अनुरूप आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित कराई जाएगी। उन्होंने कहा कि सरकार जनहित के कार्यों को प्राथमिकता के साथ आगे बढ़ा रही है और स्थानीय समस्याओं के समाधान के लिए प्रशासन को आवश्यक निर्देश दिए जाएंगे।
बैठक के दौरान व्यापार मंडल के पदाधिकारियों ने विद्युत विभाग द्वारा ट्रस्ट एवं मंदिर की भूमि पर कथित रूप से दिए गए अवैध विद्युत कनेक्शनों का मुद्दा भी उठाया। व्यापार मंडल के जिला अध्यक्ष सतीश गुप्ता एवं नगर अध्यक्ष अखिलेश अग्रवाल ने संबंधित अधिकारियों की भूमिका की जांच कराने की मांग करते हुए कहा कि नियमों एवं प्रक्रिया की अनदेखी कर विद्युत कनेक्शन जारी किए गए हैं, जिसकी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए।
इसके अतिरिक्त प्रतिनिधिमंडल ने नगर की अन्य जनसमस्याओं एवं व्यापारिक समस्याओं से भी प्रभारी मंत्री को अवगत कराया। इस अवसर पर व्यापार मंडल के संरक्षक रजनीकांत माहेश्वरी, अनिल पुंढीर, जिला अध्यक्ष सतीश गुप्ता, नगर अध्यक्ष अखिलेश अग्रवाल, अनिल अग्रवाल, रजत बिरला, संजय माहेश्वरी, सतवीर सिंह मंकू, अंकिश अग्रवाल, संभव जैन, मनोज अग्रवाल, प्रदीप गुप्ता सहित अनेक व्यापारी उपस्थित रहे।