जागरण टुडे, कासगंज।
जनपद कासगंज के थाना पटियाली क्षेत्र के गांव दरियावगंज निवासी एक वृद्ध की सड़क हादसे में घायल होने के बाद उपचार के दौरान मौत हो गई। वृद्ध की मौत से परिवार में मातम पसरा हुआ है, वहीं ग्रामीणों ने आरोपी बाइक चालक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार गांव दरियावगंज निवासी खुशी राम पुत्र ईतवारी लाल बीती 13 मई को गांव के बाहर सड़क पार कर रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार बाइक ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि खुशी राम गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और आसपास मौजूद ग्रामीण तत्काल उनकी मदद के लिए दौड़ पड़े।
ग्रामीणों की सहायता से घायल वृद्ध को पहले स्थानीय अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार किया। हालत गंभीर होने के कारण डॉक्टरों ने उन्हें बेहतर उपचार के लिए अलीगढ़ रेफर कर दिया। इसके बाद परिजन उन्हें अलीगढ़ के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराकर इलाज कराते रहे। कई दिनों तक चले उपचार के बावजूद उनकी हालत में कोई विशेष सुधार नहीं हुआ।
बताया गया कि उपचार के दौरान खुशी राम ने दम तोड़ दिया। वृद्ध की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में भी शोक का माहौल बना हुआ है। घटना के बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण मृतक के घर पहुंचकर परिजनों को ढांढस बंधा रहे हैं।
ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में तेज रफ्तार वाहनों के कारण आए दिन सड़क हादसे हो रहे हैं, लेकिन प्रशासन की ओर से कोई ठोस कदम नहीं उठाए जा रहे हैं। लोगों ने पुलिस प्रशासन से आरोपी बाइक चालक की पहचान कर उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई किए जाने की मांग की है।
पुलिस का कहना है कि मामले की जानकारी जुटाई जा रही है और तहरीर मिलने पर आवश्यक विधिक कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।